गाजे-बाजे से निकली शोभायात्रा
ऋषभदेव - कस्बे में बुधवार को भगवान ऋषभदेव के निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य में विविध अनुष्ठान हुए और शोभायात्रा निकाली गई। दिगंबर जैन तीर्थ रक्षा कमेटी व दिगंबर जैन समाज की ओर से सुबह 10 बजे भगवान ऋषभदेव के निज मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे घुड़सवार जैन पताका लिए बैंड मधुर स्वर लहरियों के बीच चल रहा था। बीच में नाचते झूमते श्रावक तथा रजत पालकी में विराजे भगवान ऋषभदेव। अंत में नवयुवक मंडल की ओर से सजाई गई कैलाश कैलाश पर्वत की झांकी चल रही थी। शोभायात्रा कस्बे के ऋषभ चौक, जोहरी बाजार, सदर बाजार, नेहरू बाजार पाटूना चौक, हॉस्पिटल रोड होती हुई पगल्याजी पहुंची। यहां पर भगवान ऋषभदेव की पूजा अर्चना कर आरती की गई। शोभायात्रा के दौरान रास्ते भर समाज की महिलाएं गरबा करती चलीं। पगल्याजी में मुनि दयाऋषि महाराज ने धर्म सभा को संबोधित किया। इससे पूर्व सुबह निज मंदिर में भगवान ऋषभदेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजा अर्चना कर भगवान को निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रावक शामिल हुए।