- Hindi News
- पांच में से दो उपखंडों पर ही हुई जन सुनवाई
पांच में से दो उपखंडों पर ही हुई जन सुनवाई
नगर संवाददाता - प्रतापगढ़
राज्य भर के सभी उपखंडों पर गुरुवार को जनसुनवाई की जानी थी। जिले के पांच में से दो उपखंड पर ही जनसुनवाई हुई। इसमें भी इक्के-दुक्के लोग ही समस्या लेकर पहुंचे। दरअसल, आम लोगों को जनसुनवाई शिविर की जानकारी नहीं होने से यहां लोग बहुत कम ही पहुंचे। इधर, ग्रामीण तो समस्या समाधा के लिए कलेक्ट्रेट को ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंच गए। पीपलखूंट, धरियावद व अरनोद में जनसुनवाई नहीं हुई
प्रतापगढ़ उपखंड कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एसडीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया। सुबह ४ प्रकरण पेंशन के पता परिवर्तन के आए। ५ प्रकरण बीपीएल आवास योजना के तहत आवास के लिए आवेदन व एक बीपीएल आवास की दूसरी किश्त के भुगतान लिए आया।
उपखंड कार्यालय प्रतापगढ़ में एसडीएम मुकेश कुमार के पास दोपहर १२ बजे भेरुलाल, भागीरथ, हीरालाल, गोपाल लाल बीपीएल आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए आवेदन के लिए पहुंचे। एसडीओ मुकेश कुमार ने नगरपरिषद आयुक्त अशोक कुमार से फोन पर वार्ता कर चारों के आवेदकों की सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा। उसके बाद उपखंड कार्यालय में चार आवेदन पेंशन में पता परिवर्तन के लिए आए। इसमें मजुला पालिवाल, विष्णुलाल पालिवाल, रमेशचंद्र, निर्मला देवी अपने पेंशन में पता परिर्वतन करने के लिए पहुंचे। एसडीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों के नए पता अपडेट कराकर डाकघर को सूचित किया।