पत्नी से झगडऩे पर पति गिरफ्तार
नसीराबाद - सिटी थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को पत्नी से लड़ाई-झगड़ा कर परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय गाड़ी मोहल्ला निवासी सूरजमल पुत्र ग्यारसीलाल आए दिन अपनी पत्नी से लड़ाई-झगड़ा कर उसे परेशान करता था। पत्नी काली देवी की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
गोवंश का अवैध परिवहन के आरोपी को जेल
नसीराबाद - एसीजेएम ने गोवंश का कू्ररतापूर्वक अवैध परिवहन करने के आरोपी ट्रक चालक को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज देने के आदेश दिए। आरोपी ग्राम खालपार, जमियानगर, मुजफ्फरनगर निवासी शान इलाही पुत्र रहमत इलाही को सदर थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर एक दिन पुलिस रिमांड पर रखने के बाद एसीजेएम के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि गत 10 दिसंबर की रात्रि को बाघसुरी सरपंच देवेंद्र गुर्जर व ग्रामीणों ने एक ट्रक कंटनेर में छुपा कर ले जा रहे गोवंश को पकड़कर सदर थाना पुलिस के सुपुर्द किया था।
थ्रेशर का पंखा गिरने से बालिका घायल
नसीराबाद - समीपस्थ ग्राम सोकली में ट्रैक्टर के थ्रेशर में लगा पंखा गिरने से एक बालिका घायल हो गई। घायल 10 वर्षीय बालिका बाली पुत्री रामदयाल जाट को राजकीय अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार बालिका ट्रैक्टर के पास खेल रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर के थ्रेशर का पंखा बालिका पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गई।