परिषद ने छह जगह रुकवाए अवैध निर्माण
ब्यावर - तेजा चौक मस्जिद गली में दो दिन पहले निर्माणाधीन भवन ढहने के मामले में उपखंड प्रशासन द्वारा गंभीरता दिखाने के बाद नगर परिषद प्रशासन ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की सुध ली।
आयुक्त ने गुरुवार को मुख्य बाजार और अन्य क्षेत्रों में बेसमेंट खुदाई पर सख्त एतराज जताते हुए छह जगह नियम विरुद्ध करार देते हुए काम बंद करवा दिया। कार्रवाई के दौरान कोठी चौक में निर्माणाधीन एक भवन में काम बंद करवाकर परिषद ने ताला जड़ दिया। आयुक्त ने बताया कि परिषद प्रशासन अवैध निर्माण को लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। जहां नियमों की गंभीर रूप से अनदेखी की जा रही है, उन लोगों के खिलाफ जरूरत पड़ी तो परिषद प्रशासन मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई भी करेगा।
प्रशासन द्वारा परिषद प्रशासन से अवैध निर्माण कार्य और जर्जर भवनों को लेकर जवाब तलब
करने पर गुरुवार को आयुक्त ओमप्रकाश ढीढवाल ने गंभीरता जताई।
उ
नके नेतृत्व में अतिक्रमण शाखा प्रभारी रतनसिंह पंवार व अन्य लोग चांगगेट कोठी चौक क्षेत्र पहुंचे। यहां निर्माणाधीन एक भवन की जांच करने के बाद आयुक्त ने मौके पर अनियमितता पाई। उन्होंने इस पर गंभीरता दिखाते हुए मौके पर काम कर रहे श्रमिकों को रवाना कर दिया और टीम को काम बंद करवाने के निर्देश दिए। साथ ही नीचे उतरते समय उन्होंने ऊपर जाने वाली सीढ़ी पर ताला जड़वा दिया। इसके बाद पाली बाजार में निर्माणाधीन एक व्यावसायिक भवन का मौका निरीक्षण करने पहुंचे। आयुक्त जब बेसमेंट में पहुंचे तो यह देखकर हैरत में पड़ गए कि संबंधित मालिक ने करीब दस फीट तक चट्टान को खोद डाला। तकनीकी अधिकारियों के मुताबिक इस प्रकार चट्टान या छोटी पहाड़ी को काटना गलत है। उन्होंने मौके पर तुरंत काम बंद करवा दिया और आरोपी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। टीम ने अग्रसेन बाजार, छावनी रोड स्थित एक कॉमर्शियल भवन समेत अन्य क्षेत्र में बन रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने बेसमेंट खोदने पर अनियमितता जताते हुए गंभीरता जताई और तुरंत काम बंद करवा दिया। छावनी रोड स्थित निर्माणाधीन भवन से मजदूरों से ठेकेदार की जानकारी मांगी, मगर किसी ने भी इस बारे में जवाब नहीं दिया। आयुक्त ने टीम को मौके से भवन निर्माण में उपयोग आने वाली एक मशीन को जब्त करने के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर रखी वाइब्रेटर मशीन को जब्त कर लिया।