पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपुष्कर - पूना से डकैती के फरार आरोपी की तलाश में पाली आए महाराष्ट्र पुलिस के जवान गुरुवार को हथकड़ी लगे कैदी को साथ लेकर पुष्कर घूमने पहुंच गए। पूना जिले के बोसरी पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक एमके नाईकवाडे के नेतृत्व में चार सदस्यों की पुलिस टीम डकैती के आरोपी वागोली पूना निवासी सचिन को हथकड़ी लगाकर उसके फरार साथी आरोपी प्रफुल्ल पटेल की तलाश करने गुरुवार को पाली आई थी। पुलिस ने पाली में आरोपी सचिन की निशानदेही पर उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगह दबिश दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
दल को पाली से वापस महाराष्ट्र लौटना था मगर पुलिस टीम हथकड़ी लगे मुल्जिम को साथ लेकर इनोवा लग्जरी टैक्सी कार ((एमएच 14 बीए 2915)) में पुष्कर घूमने आ गई। कार को तरणीघाट के बाहर खड़ी कर पुलिस कर्मियों ने अपनी वर्दी कार में खोलकर रख दी तथा सादे वस्त्र में हथकड़ी लगे आरोपी को साथ लेकर ब्रह्मा मंदिर में दर्शन करने पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक जवान आरोपी को ब्रह्मा मंदिर के बाहर लेकर बैठ गया और बाकी सभी पुलिस कर्मी मंदिर में दर्शन करने चले गए। मामले की जानकारी मिलते ही मीडिया कर्मी मौके पर पहुंच गए। पत्रकारों को देखते ही महाराष्ट्र पुलिस के जवान आरोपी को साथ लेकर रवाना होने लगे। पत्रकारों ने भी उनका पीछा किया। इस दौरान आरोपी मीडिया कर्मियों से उलझने लगा। बार-बार तकाजे के बाद पुलिस टीम ने मीडिया को वारदात की जानकारी दी।
यह है मामला
सहायक पुलिस निरीक्षक नाईकवाडे ने बताया कि पूना के बोसरी पुलिस थाने क्षेत्र में करीब तीन माह पहले आरोपी सचिन व उसके साथियों ने मिलकर 83 लाख रुपए की डकैती की थी। घटना के कुछ समय बाद डकैती के आरोपी सचिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर ही फरार साथी आरोपी प्रफुल्ल को तलाश करने पुलिस टीम पाली आई थी। नाईकवाड़े ने स्वीकार किया कि फरार आरोपी के पाली में नहीं मिलने पर वे पुष्कर घूमने आ गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.