- Hindi News
- अब अनियमितता पर निर्माण सामग्री होगी जब्त
अब अनियमितता पर निर्माण सामग्री होगी जब्त
भास्कर न्यूज. ब्यावर
शहर में अवैध अतिक्रमण या निर्माणस्थल पर अनियमितता मिलने पर परिषद प्रशासन मौके से निर्माण सामग्री जब्त करने की कार्रवाई करेगा। साथ ही परिषद प्रशासन ने निर्माण स्थलों पर नजर रखने के लिए मोबाइल टीम का भी गठन किया है। जो रोजाना शहर में ऐसे निर्माणस्थलों का मौका-मुआयना करेगा। यदि कहीं भी अनियमितता मिलती है तो समझाइश और पाबंद करने के बाद भी नहीं मानने वाले संबंधित मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
आयुक्त ओमप्रकाश ढीढवाल ने बताया कि निर्माणाधीन भवन ढहने के हादसे बाद प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण और अनियमित तरीके से हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर खासी नाराजगी जताई है। एसडीओ भगवती प्रसाद ने कहा कि अवैध निर्माण और अनियमितता बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एसडीओ के मुताबिक परिषद प्रशासन इसके लिए जो भी जरूरी कदम हो उठाए। उनके निर्देशानुसार परिषद प्रशासन मौका-मुआयना के दौरान अवैध निर्माण या अनियमितता बरतने पर संबंधित मालिक को समझाइश करेगी। इसके बाद भी यदि काम चालू रहता है तो परिषद उसे पाबंद करेगी यदि इसके बाद भी काम बंद नहीं होता है तो मौके से निर्माण सामग्री जब्त करने के साथ ही उपखंड प्रशासन को इसकी रिपोर्ट देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल टीम गठित
परिषद की ओर से जो टीम बाजार या शहर में निर्माण स्थलों का मौका-मुआयना कर संबंधित मालिक को पाबंद तो करती है। मगर कई बार ऐसा होता है कि टीम के जाते ही काम फिर शुरू हो जाता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए परिषद प्रशासन ने एक मोबाइल टीम का गठन किया है। इसमें जेईएन ओमप्रकाश चौहान, अतिक्रमण शाखा प्रभारी रतनसिंह पंवार, सफाई इंस्पेक्टर हरिराम समेत ५ सफाईकर्मी शामिल है। मोबाइल टीम निर्माणाधीन स्थलों पर नजर रखने के लिए रोजाना एक चक्कर काटेगी। यदि कहीं भी अनियमितता बरती गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पांच जनों को नोटिस जारी : अवैध निर्माण को लेकर परिषद प्रशासन ने शुक्रवार को उत्तमचंद, सुशीलादेवी, लादूराम, जसवंत सिंह समेत पांच जनों को नोटिस जारी किया। इसमें परिषद द्वारा जारी अनुमति के अनुसार ही निर्माण कार्य करने के लिए पाबंद किया।
व्यापारियों में हड़कंप
परिषद टीम ने मुख्य बाजार में अतिक्रमण को लेकर भी कार्रवाई की। शनिवार को टीम पहुंचने की सूचना पर मुख्य बाजार के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम के पहुंचने से पहले ही व्यापारियों ने दुकानों के आगे रखा सामान तुरंत अपनी दुकान की हद में रखने में ही भलाई समझी।
खुला नजर आया बाजार
टीम ने जिन दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था। उनमें से कुछ व्यापारियों से समझाइश की तो कुछ पर सख्ती बरतते हुए सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की। इनमें एक इलेक्ट्रोनिक्स दुकान के सामने रखे टीवी और एक दुकान के आगे तख्ता व अन्य सामान जब्त किया।
॥शहर में अवैध निर्माण हो या अतिक्रमण इन पर नजर रखने के लिए मोबाइल टीम गठित की गई है। यदि किसी ने भी समझाइश के बाद अवैध निर्माण कार्य चालू रखा तो परिषद प्रशासन मौके से निर्माण सामग्री जब्त भी कर सकता है। यदि फिर भी कोई नहीं माना तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।’
ओमप्रकाश ढीढवाल, आयुक्त, ब्यावर