पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डीटीओ ऑफिस के सामने से गुजरते हैं ओवरलोड ट्रेलर

डीटीओ ऑफिस के सामने से गुजरते हैं ओवरलोड ट्रेलर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

केकड़ी। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर परिवहन विभाग महज खानापूर्ति करने में जुटा है, जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद क्षेत्र में विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत से ओवरलोड वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। ऐसा नहीं है कि परिवहन विभाग ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करता, लेकिन यह केवल लक्ष्य को पूरा करने के लिए खानापूर्ति तक ही सीमित रहती है। केकड़ी के निकट मार्बल नगरी के नाम से प्रसिद्ध सावर से करीब 70-80 ट्रेलर रोजाना मार्बल से लदकर किशनगढ़ व अन्यत्र स्थानों पर जाते हैं, जिनमें से अधिकांश ओवरलोड ही होते हैं।

सावर से मार्बल पत्थर ले जाने वाले ट्रेलर अधिकांशत: दो एक्सल ((14 टायर)), तीन एक्सल ((18 टायर)) हैं, जो नियमानुसार क्रमश: 35 टन व 40 टन वजन ही लदान कर सकते हैं, लेकिन देखने में आया है कि ये वाहन ओवरलोड होकर 70 से 80 टन तक वजन लदान कर धड़ल्ले से चल रहे हैं। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत के चलते मार्बल पत्थर से लदे ओवरलोड ट्रेलर का चालान केवल खानापूर्ति के लिए किया जाता है।

हाल ही में राज्य में चलाए गए सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यहां जिला परिवहन विभाग द्वारा लोगों को यातायात नियमों की जानकारी के लिए विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित कर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने खुद नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई। इस सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभाग द्वारा मात्र 6 मार्बल से लदे ओवरलोड ट्रेलरों का चालान कर खानापूर्ति कर ली गई।

यहां अजमेर मार्ग पर स्थित जिला परिवहन कार्यालय के सामने से क्षमता से कई गुना लदान होकर रोजाना कई वाहन गुजरते हैं, लेकिन आंखों के सामने से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं होती, जिसके चलते विभाग की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगता है।

यहां परिवहन विभाग का जिला कार्यालय होने के बावजूद यातायात व्यवस्था पूर्णत: चरमराई हुई है, जिसके चलते बदहाल यातायात व्यवस्था नासूर बन गई है। क्षेत्र में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाएं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। और तो और परिवहन कार्यालय के पास किसी भी ओवरलोड वाहन का वजन करने के लिए कांटा नहीं है और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था है। ओवरलोडिंग तय करने के लिए अधिकारियों को ज्यादातर सावर में स्थित खनन विभाग की रॉयल्टी पर्ची में लिखे वजन के अनुसार या फिर अंदाज से करनी पड़ रही है।

नियमों का खुला उल्लंघन करने वाले व आदतन ओवरलोड चलने वाले वाहनों के खिलाफ केकड़ी जिला परिवहन कार्यालय द्वारा आज तक कभी जब्ती की कार्रवाई नहीं की गई, जबकि नियमानुसार वाहन के ओवरलोड पकड़े जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना वसूल करने तथा वाहन जब्त करने का प्रावधान है।

सूत्रों के अनुसार सावर से मार्बल पत्थर लादकर ले जाने वाले करीब 100 ट्रेलर में से करीब दो दर्जन ट्रेलर जनप्रतिनिधियों के होते हैं जो उनके परिजनों, रिश्तेदारों व स्टाफ सहित परिचितों के नाम से बेखौफ चल रहे हैं। इनमें से कभी कभार एक या दो चालान हुए होंगे। जिला परिवहन अधिकारी धर्मपाल सिंह असवाल का कहना है कि वे हर माह 50 से अधिक ओवरलोड वाहनों का चालान करते हैं, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण लक्ष्य के मुताबिक कार्य नहीं कर पा रहे हैं।