‘लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि’
नसीराबाद. उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एडीएम सुरेश सिंधी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि है और उसके निष्पक्ष मतदान से ही लोकतंत्र स्थापित रह सकता है। वह बालिका स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में बोल रहे थे। एडीएम सिंधी ने राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश पढ़कर सुनाने के बाद नवमतदाताओं को सम्मानित किया और उपस्थित सभी मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रतिज्ञा करवाई। एडीएम सिंधी ने कहा कि बीएलओ की कार्य कुशलता के कारण नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र में लक्ष्य से ज्यादा मतदान हुआ और इसके लिए सभी बीएलओ को समारोह में सम्मानित किया। एडीएम सिंधी ने कहा कि जैसे भारत में पोलियो महाअभियान चलाकर पोलियो मुक्त भारत बनाने के प्रयास किए जा रहे है उसी तरह 100 प्रतिशत मतदान करवाने का प्रयास करवाएं। एडीएम सिंधी ने आगामी लोकसभा चुनावों में विधानसभा चुनावों के 82.36 प्रतिशत मतदान के रिकार्ड को तोडऩे के लिए मतदान करवाने का प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विमल किशोर झंवर लिपिक, कल्याणमल गोध सहायक कर्मचारी, राजू सेन अध्यापक, सुनीता माहेश्वरी और प्रेमलता अध्यापिका को चुनावी कार्यों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
केकड़ी. पंचायत समिति सभा भवन में शनिवार को दोपहर राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम थे। अध्यक्षता उपखंड अधिकारी राजेंद्र सारस्वत ने की। पालिकाध्यक्ष रतनलाल नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण दास स्वामी, तहसीलदार ओम प्रकाश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गौतम ने कहा कि लोगों को आवश्यक रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित करना सबका दायित्व है। उकेकड़ी शहर के नवमतदाताओं का आगंतुक अतिथियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने नवमतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई। वहीं विधायक गौतम ने केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के श्रेष्ठ पांच बीएलओ धर्मचंद जैन, रवि गौतम, घनश्याम पारीक, द्वारका प्रसाद गुर्जर और बसंत नुहाल को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रदत प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षाविद ज्ञानचंद सुराणा ने भी विचार व्यक्त किए। केकड़ी निर्वाचन एवं उपखंड अधिकारी सारस्वत ने मतदाता दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा 16 दिसंबर से 7 जनवरी तक चलाए गए विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 238 बूथों पर 8186 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। समारोह में राजनैतिक दलों के पदाधिकारी एवं शहर के बीएलओ मौजूद थे।
सावर. राजकीय प्राथमिक विद्यालय केकड़ी गेट में शुक्रवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभी बूथ लेवल अधिकारियों ने नवीन मतदाताओं के साथ मतदाता दिवस मनाया। इस दौरान बीएलओ मुजीर्बुहमान, लालचंद सामरिया, शौकत अली, अंजनी कुमार उपाध्याय, लक्ष्मण कहार, राजेंद्र कटौच शराफत हुसैन ने अपने-अपने बूथ के नवीन मतदाताओं का माल्यार्पण करते हुए उन्हें लोकतंत्र में सशक्त सरकार बनाने के लिए मताधिकार का प्रयोग करने पर बल दिया।
मेवदाकलां. ग्राम देवगांव में राष्ट्रीय मतदाता दिवस राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मनाया गया। बीएलओ रुस्तम अली मंसूरी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार को मतदाता दिवस के अंतर्गत नए मतदाताओं का स्वागत किया। मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागृति लाना एवं मत डालने का संकल्प लिया।
पीसांगन. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार पीसांगन जगदीश गुर्जर की अध्यक्षता मे राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकाली। रैली को तहसीलदार गुर्जर ने हरी झंडी देकर रवाना किया।
रामसर. मतदाता दिवस मनाया। इसमें युवा मतदाताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बीएलओ कैलाश चंद, चांदमल, वीरेंद्र सिंह, प्रेमलता, रमेश प्रजापति, बालिका विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शगुफ्ता खान व केंद्राध्यक्ष बदरुद्दीन खत्री थे।
बघेरा. वराह मंदिर प्रांगण में शनिवार को मतदाता दिवस मनाया। इस मौके पर बीएलओ रामलाल झारोटियां, ने मतदाताओं को लोकतांत्रिक परंपराओं एवं स्वतन्त्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचकों की गरिमा को बनाए रखते हुए मतदान करने की शपथ दिलाई। ब्रह्माणी माता मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद उपाध्याय, पर्यटन विकास समिति के दिनेश चतुर्वेदी, प्रधानाध्यापिका प्रेम देवी, बीएलओ बद्रीलाल जाट, नरपत सिंह, परमेश्वर झारोटिया, भरत सिंह राठौड़, गोपाल खरवड़, मेहबूब अली, शंकर लाल पंवार आदि उपस्थित थे।
नागोला. चांपानेरी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रणजीत सिंह चौधरी थे। विशिष्ट अतिथि बच्छराज जाट थे। मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि नए जुड़े मतदाताओं का यह दायित्व है कि वह निर्भीक होकर मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी बनाए तथा मतदाता सूची का अवलोकन कर खामियों में सुधार करें।