- Hindi News
- आक्रोशित वकीलों का श्रम कल्याण कार्यालय पर हंगामा
आक्रोशित वकीलों का श्रम कल्याण कार्यालय पर हंगामा
भास्कर न्यूज - ब्यावर
बार एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष व सीनियर एडवोकेट सोहन लाल शर्मा के साथ रिश्वत की मांग को लेकर दुव्र्यवहार व मारपीट मामले में तीन महीनों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को वकीलों का आक्रोश फूट पड़ा। एसोसिएशन की मांग और तीन महीनों से लेबर कोर्ट में अदालती काम का बहिष्कार जारी रहने पर भी श्रम कल्याण अधिकारी सुधीर सिंह ब्रोका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई नहीं होने समेत स्थानांतरण या निलंबन नहीं होने पर वकील गुस्सा गए। कोर्ट परिसर में एकत्रित होने के बाद इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन अध्यक्ष डीडी राठौड़ के नेतृत्व में वकीलों ने श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शन किया। इसके अलावा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक कोर्ट में पुलिस द्वारा चालान पेश नहीं किए जाने पर भी विरोध जताया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन सचिव लक्ष्मण सिंह पंवार, निवर्तमान अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा, एडवोकेट प्रवीण जैन, नरेश बंसल, शैलेंद्र गंडेर, चंद्रविजय सिंह, रामेश्वर मेवाड़ा, ललित सटाक, मुकेश दवे, हनुमान सिंह, सुबोध मैथ्यू समेत बड़ी संख्या में वकील मौजूद थे।