पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फायरिंग कर कार सवारों को लूटा

फायरिंग कर कार सवारों को लूटा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ब्यावर. अजमेर-राजसमंद जिले की सीमा पर भीम थाना क्षेत्र के भैरूजी मंदिर के समीप रविवार देर रात पांच लुटेरों ने कार में सवार पांच लोगों से लूटपाट की। लूट का विरोध करने पर लुटेरों ने एक व्यक्ति पर फायर कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जिस कार में आए थे, उसी से फरार हो गए। जाते-जाते लुटेरों ने पीडि़तों के मोबाइल छीन लिए तथा कार की चाबी निकाल ली।

लुटेरों की नजर से एक मोबाइल बच गया, जिससे पीडि़तों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इस पर बार चौकी से पहुंची पुलिस ने गोली से घायल हुए पीडि़त को तुरंत ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल में भर्ती करवाया। सोमवार को भीम पुलिस उपाधीक्षक जसवंत सिंह, भीम थाना प्रभारी गणेश राम चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खाली खोल भी बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी नेमीचंद जैन अपने साथियों सुशील कुमार, राजेश लूणिया, भंवरलाल और चालक यश कुमार के साथ छत्तीसगढ़ से जोधपुर ओसियां मूर्ति लेने जा रहे थे। वह सभी रविवार को रात 9 बजे के करीब भीलवाड़ा से ब्यावर के लिए रवाना हुए। रात करीब 12 बजे भीम थाना क्षेत्र के भैरूजी मंदिर के समीप अचानक एक बिना नंबर की सफेद सेंट्रो कार उनकी कार के आगे लगा दी। वे लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले कार से पांच लोग उतरे और चालक यश कुमार को जबरदस्ती नीचे उतार कर पीटने लगे।

लुटेरों ने कार में सवार सुशील कुमार की कनपटी पर रिवाल्वर सटा दी और सारा माल उनके हवाले करने को कहा। लुटेरों ने सभी के पास रखे रुपए, मोबाइल और हाथों में पहनी सोने की अंगूठियां छीन ली। इस बीच सुशील कुमार ने लुटेरों का विरोध किया तो लुटेरों ने उन पर फायर कर दिया। गोली उनके कान को चीरती हुई निकल गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लुटेरे करीब 1 लाख रुपए का माल लूटने के बाद जिस कार में आए थे, उसी से फरार हो गए।

नजरों से बचा एक मोबाइल

लुटेरों ने शातिराना अंदाज में कार में सवार सभी लोगों के मोबाइल और अन्य सामान लूट लिए, लेकिन उनकी नजरों से कार चालक यश कुमार का मोबाइल जो चार्ज हो रहा था बच गया। इस कारण आरोपियों के फरार होते ही पीडि़त भंवरलाल ने तुरंत 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते के 5 मिनट में बार पुलिस चौकी से पुलिस दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस ने घायल सुशील कुमार को तुरंत एकेएच पहुंचाया और आरोपियों की कार की तलाश में नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे।

मौके पर मिला गोली का खोल

सोमवार को भीम डिप्टी और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को मौके पर 7.65 एमएम गोली का खोल मिला। पुलिस ने खोल को जब्त कर लिया। पीडि़तों ने पुलिस को बताया कि वे जोधपुर ओसियां में माताजी की मूर्ति लेने जा रहे थे। मूर्ति के रुपए उनके पास अलग से रखे थे। लुटेरों को उनका पता नहीं होने के कारण वे रुपए बच गए।

पुलिस ने दिखाई सीसीटीवी फुटेज

सोमवार को पुलिस पीडि़त चालक को लेकर उन स्थानों पर गई, जहां से वह आए। पुलिस ने हर स्थल का निरीक्षण किया। पीडि़त चालक से उस ढाबे पर भी गए, जहां उन्होंने रास्ता पूछा। पुलिस ने भीलवाड़ा टोल नाके पर चालक को रविवार रात का सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया। सीसीटीवी फुटेज में वह कार दिखाई दी या नहीं, इस बारे में पुलिस ने कुछ भी बताने से इनकार किया।