पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आज पूरी होगी जमीन नाप की कार्रवाई

आज पूरी होगी जमीन नाप की कार्रवाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - ब्यावर
बस स्टैंड के सामने स्थित एक जमीन के मालिकाना हक को लेकर सोमवार को तहसील प्रशासन द्वारा नाप-चौप की कार्यवाही पूरी नहीं हो सकी। संबंधित जमीन किस खसरे में स्थित है, यह तय करने के लिए ही पटवारियों की टीम मौके पर पहुंची थी। मगर नाप के लिए आधार ‘मुस्तकिल प्वाइंट’ नहीं मिलने से अब मंगलवार को यह कार्यवाही की जाएगी। मालूम हो कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद को २५ जनवरी को ज्ञापन सौंपा गया था।
विहिप जिलाध्यक्ष नितेश गोयल और जिलामंत्री सुरेश वैष्णव समेत अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि रोडवेज बस स्टैंड से सातपुलिया के बीच खसरा संख्या ३८० व ३८१ है, जो सरकारी है। पदाधिकारियों का आरोप है कि उक्त जमीन पर एक व्यक्ति विशेष अतिक्रमण करने पर आमादा है। नगर परिषद व उपखंड प्रशासन को कई बार शिकायत की गई। मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उपखंड प्रशासन इस मामले में उचित कार्रवाई कर सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवाने की व्यवस्था कराए। विहिप पदाधिकारियों व अन्य ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि २८ जनवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो ब्यावर बंद कराकर विरोध जताएंगे।
इस पर सोमवार को उपखंड प्रशासन के आदेश पर संबंधित पटवारियों व नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। कौनसा खसरा किस जगह है इसके लिए जमीन नापने की प्रक्रिया शुरू हुई। गिरदावर शंकरलाल जाटोलिया, धर्मराज और प्रवीण आर्य समेत पटवारी प्रभुसिंह, लोकेश कुमार ने जमीन नापने की प्रक्रिया शुरू की। मगर तहसील की टीम ने इसके लिए मुस्तकिल प्वाइंट की तलाश की, मगर वह नहीं मिला। मौके पर पहुंचे तहसीलदार मदनलाल जीनगर ने टीम से जानकारी लेने के बाद यह कार्यवाही मंगलवार को करने का निर्णय लिया।
इधर कानून व शांति व्यवस्था के लिए सिटी थाना पुलिस का जाब्ता भी मौजूद था। कुछ देर बाद मौके पर पुलिस उपाधीक्षक गोपीसिंह शेखावत भी पहुंच गए। उन्होंने भी यह निर्णय लिया कि मंगलवार को दोनों पक्षों के दो-दो आदमियों की मौजूदगी में नाप-चौप करवाया जाएगा। उनकी समझाइश पर दोनों पक्षों में यह सहमति भी बनी कि नाप बाद यदि जमीन सरकारी हुई तो अतिक्रमण हटा दिया जाएगा।
यदि जमीन संबंधित ट्रस्ट की हुई तो निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। मौके पर नितेश गोयल, सुरेश वैष्णव, एडवोकेट डीडी राठौड़, दिनेश भाटी, जलालुद्दीन काठात, मोहम्मद हनीफ, अयूब गौरी, पप्पू काठात समेत अन्य लोग मौजूद थे।




इनका कहना है

॥मामले के निस्तारण के लिए पटवारियों की टीम मौके पर पहुंची। मगर कोई मुस्तकिन प्वाइंट नहीं मिलने से जमीन का माप नहीं हो सका। मंगलवार को फिर से नाप-चौप किया जाएगा।’

मदनलाल जीनगर, तहसीलदार, ब्यावर

॥जमीन को लेकर एक पक्ष का कहना है कि उनकी संपति है जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि संबंधित जमीन सरकारी है। ऐसे में तहसील प्रशासन से नाप-चौप करवाया जा रहा है। मंगलवार को फिर से नाप करवाया जाएगा। हालांकि दोनों पक्ष इस बात को लेकर सहमत है कि यदि जमीन सरकारी है तो अतिक्रमण हटा दिया जाएगा और यदि अन्य खसरा में सरकारी जमीन है तो निर्माण की अनुमति दी जाएगी।’

गोपीसिंह शेखावत, पुलिस उप अधीक्षक, ब्यावर