- Hindi News
- निबंध और प्रश्नोत्तरी से फैलाएंगे स्वीप का संदेश
निबंध और प्रश्नोत्तरी से फैलाएंगे स्वीप का संदेश
भास्कर न्यूज - ब्यावर
लोकसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को जागरूक करने में स्कूली बच्चों की भूमिका केवल स्कूल बाउंड्री तक ही सीमित रहेगी। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और वोट डालने संबंधी जागरूकता संबंधी गतिविधियों में स्कूली बच्चे सड़कों पर नजर नहीं आएंगे। छठी से १२वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं केवल निबंध, पेंटिंग, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सहयोग करेंगे। लोकसभा आम चुनाव २०१४ प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना में स्कूलों को रैली, मानव शृंखला जैसी गतिविधियां नहीं करने के निर्देश जारी किए गए हैं। राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग की शिकायत पर चुनाव आयोग ने स्कूल के बाहर होने वाली गतिविधियों पर रोक लगा दी। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से स्कूलों में शिक्षण व परीक्षाओं को देखते हुए कार्ययोजना तैयार की गई है।
यह है स्वीप कार्ययोजना
कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए वाद-विवाद, निबंध लेखन, पेटिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। कार्यक्रम के मुताबिक १५ से २९ जनवरी तक विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम होंगे। १९ फरवरी को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता होगी। २६ फरवरी को जिला स्तर पर प्रतियोगिता होगी। १५ जनवरी से शुरू होने वाले कार्यक्रम के आदेश स्कूलों में करीब ८-१० दिन बाद मिले हैं।
ब्लॉक व जिला स्तर पर होगा चयन
कार्य योजना में इस बार विद्यालय स्तर पर विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को ब्लॉक व जिला स्तर पर चयन किया जाएगा। सबसे पहले विद्यालय में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तर पर भेजा जाएगा। इसके बाद ब्लॉक स्तर के विजेताओं को जिला स्तर व यहां के विजेताओं को राज्य स्तर पर होने वाले प्रतियोगिताओं में भेजा जाएगा।
८ ब्लॉक मुख्यालय पर होगी प्रतियोगिता
स्वीप कार्यक्रम के तहत पीसांगन, मसूदा, जवाजा, भिनाय, केकड़ी, अरांई, किशनगढ़ एवं ओसवाल जैन अजमेर राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूलों में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। ब्लॉक क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए मुख्यालय पर जाना पड़ेगा। वहीं जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं अजमेर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तोपदड़ा में होगी।
स्कूल बाउंड्री में होगी प्रतियोगिताएं
॥स्वीप कार्यक्रम के तहत रैलियों व मानव शृंखला जैसी गतिविधियां नहीं करने के निर्देश मिले हैं। जिला कलेक्टर के निर्देशन में गठित कमेटी ने संशोधन किया है। इसमें केवल स्कूल परिसर में प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का उल्लेख है। स्वीप कार्ययोजना स्कूलों में भिजवा दी है।’’
सुरेशचंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ((प्रथम)), अजमेर
परीक्षाएं नजदीक, सता रही चिंता
स्कूलों में भले ही स्वीप कार्यक्रम के तहत कार्ययोजना मिल गई है, इधर बोर्ड परीक्षाओं की तिथि भी घोषित हो चुकी है। यदि बच्चे जागरूकता अभियान में शामिल होंगे तो शिक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है। १०वीं-12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा मार्च महीने में शुरू होगी। अन्य कक्षाओं की परीक्षाएं भी नजदीक है। इन परीक्षाओं को लेकर भी विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी चिंता सता रही है।