पुलिस ने बनवाया अपराधियों का स्केच
भास्कर न्यूज - ब्यावर
समीपवर्ती भीम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई लूट की वारदात के आरोपियों में से एक की पुलिस ने पीडि़त द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर स्केच बनवाया है। हालांकि पुलिस ने उस स्केच को अभी सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है। वारदात का शिकार हुए पीडि़तों में एक छत्तीसगढ़ निवासी कार चालक यश कुमार ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय सेंट्रो कार में सवार कुछ लोगों ने अचानक उनकी कार के आगे उनकी गाड़ी लगाकर रोक लिया। वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार में से चार युवक उतरे और गन तानकर कार का शीशा नीचे करने को कहा। डर के मारे जैसे ही उसने शीशा नीचे किया, आरोपियों ने दरवाजा खोला और तुरंत उसे नीचे उतार लिया। आरोपी युवक उसे एक ओर ले गए और उसे पीटने लगे। एक आरोपी उसके पास रुका और बाकी आरोपियों ने कार में सवार नेमीचंद, भंवरलाल, सुशील कुमार और राजेश से मारपीट कर लूट लिया। सुशील कुमार पर फायर होने के कारण बाकी के सभी लोग दहशत में आ गए। कार चालक यश कुमार ने बताया कि मात्र 7 से 8 मिनट में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। इस बीच सेंट्रो का चालक गाड़ी को वापस घुमा कर लाया और एक युवक ने उनके मोबाइल और गाड़ी की चाबी निकाल ली और सभी आरोपी फरार हो गए। यश कुमार ने उसे पीटने वाले में से एक युवक का स्केच बनवाया।