स्कूलों को डाटा एंट्री का एक और मौका
भास्कर न्यूज - ब्यावर
शिक्षा विभाग की ओर से आरटीई के तहत निशुल्क प्रवेश देने वाले प्राइवेट स्कूलों को डाटा एंट्री का एक और मौका दिया गया है। विभाग ने आरटीई के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों की सूची एंट्री से करने से वंचित रहे प्राइवेट स्कूलों के लिए पोर्टल दोबारा खोल दिया है। ऑल राजस्थान स्कूल एसोसिएशन के जितेंद्र कुमार अरोड़ा के मुताबिक पूर्व में तय की गई अंतिम तिथि तक प्रदेश के 37 हजार 321 प्राइवेट स्कूलों में से 26 हजार 686 स्कूल ही एंट्री कर पाए थे। पासवर्ड एवं डाटा अपलोड की जानकारी के अभाव में करीब 10 हजार स्कूल संचालक एडमिशन देने के बाद भी एंट्री नहीं पाए थे। एसोसिएशन ने उपखंड अधिकारी के जरिए शिक्षा मंत्री को ज्ञापन देकर आभार जताया है। अरोड़ा ने बताया कि पोर्टल पर वापस सुविधा मिलने से प्रदेश के पांच हजार से ज्यादा बच्चों को राहत मिलेगी। एसोसिएशन ने एंट्री और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरने वाले स्कूलों का भुगतान शीघ्र कराने की मांग भी की है।