नाकाबंदी कर की वाहनों की चेकिंग
भास्कर न्यूज - ब्यावर
सिटी थाना पुलिस ने मंगलवार को जोधपुर रोड चुंगी अजगर बाबा के थान के समीप नाकाबंदी कर वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान १२ गाडिय़ों के चालान बनाए गए। वाहनों के चेकिंग अभियान में सिटी थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह शेखावत, एएसआई नारायण सिंह, संजय, रामप्रसाद, हरिराम, जितेंद्र, मोहित समेत थाने का अन्य स्टाफ शामिल रहा। सिटी थाना प्रभारी शेखावत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक प्रफुल कुमार के आदेश पर की गई नाकाबंदी में वाहनों के कागजात और अन्य दस्तावेज चेक किए गए। इस दौरान पुलिस को एक कार में चालक समेत सभी चारों सवारियां शराब पीती मिली। इस पर पुलिस ने कार को जब्त कर चालान बनाया और कार चालक को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। वाहनों की तलाशी में एक कार में पुलिस को कुछ वाहनों की नंबर प्लेट मिली। चालक ने बताया कि वह गाडिय़ां रिपेयरिेंग का कार्य करता है। संबंधित थाने से तस्दीक करवाने और आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।