स्कूलों में आकस्मिक निरीक्षण
भास्कर न्यूज - ब्यावर
उपखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सैकंडरी व सीनियर सैकंडरी स्कूलों में मंगलवार को शिक्षा अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम सुरेशचंद्र शर्मा ने जवाजा क्षेत्र की करीब पांच स्कूलों में पहुंचे। स्कूलों में बोर्ड कक्षाओं की शिक्षण व्यवस्था जांची और कमियां सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में गृहकार्य के संबंध में अनियमितताएं मिलने पर शिक्षकों नोटिस जारी करने की अनुशंसा की है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने मंगलवार को काबरा, कोटड़ा, किशनपुरा, दुर्गावास व जलिया प्रथम स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काबरा, कोटड़ा व किशनपुरा सीनियर सैकंडरी स्कूल में गृहकार्य योजना में काफी कमियां मिली। डीईओ शर्मा ने कॉपी में गलतियों पर गोले करके सही शब्द लिखे और शिक्षकों को इसकी नियमित अनुपालना करने के निर्देश दिए।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ा में कक्षा 10वीं व 12वीं के छात्राओं से विज्ञान, गणित व अंग्रेजी के सवाल पूछे। साथ ही गृहकार्य का अवलोकन किया। स्कूलों में अनुशासन व्यवस्था भी जांची।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्यामलाल बंजारा स्कूल की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसी प्रकार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुर्गावास में शिक्षण कार्य देखे। प्रधानाध्यापक राजेश जिंदल ने स्कूल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।