‘आमजन की समस्याओं का हो समाधान’
भास्कर न्यूज - ब्यावर
आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर की विभिन्न जन समस्याओं के निराकरण की मांग की। आम आदमी पार्टी संयोजक नीलेश बुरड़ ने बताया कि जागरूक नागरिकों की ओर से शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए उनके निराकरण की मांग की है।
यह बताई समस्याएं : मीडियाकर्मी गोविंद शर्मा और केबल ऑपरेटर सुंदर टोरानी पर पिछले दिनों शहर के व्यस्ततम चांगगेट क्षेत्र में तेजाब डालकर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। : फतेहनगर कॉलोनी में सीमेंट सड़क निर्माण कार्य चालू है। क्षेत्रवासी अमरचंद तातेड़ ने अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। रेगरान मोहल्ला छोटा बास निवासी जौहरीलाल जैन को उनके पुत्र हेमेंद्र द्वारा जायदाद पर नाजायज कब्जा करने व उसके संबंधी झूठी शिकायत कर प्रताडि़त करने के मामले में अब तक प्रशासन ने कोई पुख्ता कार्रवाई नहीं की। सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक ((शिक्षा विभाग)) आरएस बूब के मुताबिक ब्यावर बाल विकास समिति संचालक संस्था के अध्यक्ष द्वारा संस्था के संबंध में अनियमितता बरती
जा रही है। नरेंद्र सिंह रावत व कनक विहार कॉलोनी के वाशिंदों द्वारा जैन गुरुकुल स्कूल के समीप उदयपुर रोड स्थित आदित्य ग्राइंडिंग मिल को हटवाने संबंधी शिकायत मिली। आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन से उक्त समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्यवाही करने की मांग की है।