पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार के ऊपर गिरा कंटेनर, दो मरे

कार के ऊपर गिरा कंटेनर, दो मरे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - ब्यावर
उदयपुर रोड बाईपास चौराहा पर बुधवार दोपहर चलती कार पर एक कंटेनर गिरने से कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार पांच लोग एवं कंटेनर में सवार दो लोग घायल हो गए। कार में सवार सभी लोग जोधपुर निवासी थे, जो किसी सामाजिक समारोह में शामिल होने के लिए जोधपुर से केकड़ी जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे हादसा उस समय हुआ, जब किशनगढ़-ब्यावर सिक्स लेन के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से मुड़ते समय कंटेनर असंतुलित होकर पलट कर पास से गुजर रही इनोवा कार के ऊपर गिर गया। कंटेनर के गिरने के साथ ही कार पिचक कर नीचे दब गई। इससे कार में सवार जोधपुर निवासी 8 जने भीतर फंस गए।
शेष - पेज ८


कंटेनर के पिछले हिस्से के नीचे कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह पिचकने से जोधपुर निवासी दो युवक अशोक ((32)) और संदेव ((28)) की कार के भीतर ही मौत हो गई। वहीं जोधपुर निवासी गौरव शर्मा, राम शर्मा, आनंद तिवारी, दिनेश और नेमीचंद उर्फ नरेंद्र घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया। वहां नाजुक हालत के कारण दिनेश को अजमेर, नेमीचंद को भीलवाड़ा और आनंद तिवारी को जोधपुर रैफर कर दिया गया। घायल गौरव शर्मा व राम शर्मा का ब्यावर अमृतकौर अस्पताल में उपचार जारी है।

वहीं कांतिलाल के मामूली चोट आने से प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए।

हाइवे पर लगा जाम
हादसे के बाद सिक्सलेन ओवरब्रिज से सटी सर्विस रोड का आवागमन अवरुद्ध हो गया। कंटेनर के नीचे दबी कार को निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत कर कंटेनर के नीचे फंसी कार को अलग किया गया। इस दौरान हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे बाद हाइवे का आवागमन सुचारू हो पाया।



कंटेनर में सवार लोग भी फंसे

कंटेनर के पलटने के साथ ही अगला केबिन सड़क किनारे करीब 5 फुट नीचे जमीन में घुस गया। इससे केबिन में सवार चिलवाड़ा निवासी खलासी सलीम ((36)) व एक अन्य युवक शहजाद ((26)) भीतर ही फंस गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने मशक्कत कर दोनों युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

ब्यावर में उदयपुर रोड बाईपास चौराहे

पर हुआ हादसा, दोनों मृतक जोधपुर निवासी, सात घायल