चबूतरा तोडऩे एवं मारपीट का आरोप
नसीराबाद - कहार मोहल्ला निवासी एक महिला ने इसी क्षेत्र के 13 लोगों पर उसका चबूतरा तथा उस पर स्थापित मंदिर तोडऩे एवं उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। सिटी थाना पुलिस में न्यायिक इस्तगासे के माध्यम से दर्ज मामले में कमला देवी पत्नी हरीचंद कहार ने बताया कि उसके घर के बाहर चबूतरे पर 60-70 वर्षों से मंदिर है। इस पर झूंझारजी एवं भैरूजी की मूर्तियां स्थापित है। परिवादियों ने बताया कि 29 दिसंबर की रात को मोहल्ले के नेमीचंद, लक्ष्मण, अशोक, महेंद्र पुत्रगण कालूराम, मन्ना पत्नी कालूराम, चेतन पुत्र नेमीचंद चंदा पुत्र नेमीचंद, विजय पुत्र नेमीचंद, गोपाल पुत्र केसर, ज्योति पत्नी अशोक, गुड्डी पत्नी लक्ष्मण, किरण पत्नी महेंद्र और संतरा पत्नी फूलचंद ने आदि से चबूतरे को खंडित कर दिया और उस पर लगी मूर्तियों को चुराकर ले गए। कमला देवी ने बताया कि वह जब 31 दिसंबर को चबूतरे पर गई तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। दूसरी ओर दूसरे पक्ष के अशोक पुत्र कालूराम ने भी न्यायिक इस्तगासे के द्वारा मामला दर्ज कराते हुए गाली गलौच करने एवं झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपए मांगने का आरोप लगाया है। सिटी थाने में दर्ज इस्तगासे में अशोक ने बताया कि उनके पड़ोसी कमला पत्नी हरीचंद, विनोद पुत्र हरी, नीतू पत्नी विनोद ने उनके घर के बाहर चबूतरा बना रखा है। इससे उन्हें घर में आने जाने में परेशानी होती है। इस बात का ओलमा उसने आरोपियों को दिया तो उन्होंने उसके साथ गाली गलौच की और 29 दिसंबर की रात को स्वयं की चबूतरे को तोड़कर सिटी थाने में शिकायत कर दी। अशोक ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे व परिजन को चबूतरा मंदिर तोडऩे के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 15 हजार रुपए की मांग की और धमका कर 5 हजार रुपए भी ले लिए। सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।