पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कॉलेज में भिड़े छात्र, जमकर चली कुर्सियां

कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान आपस में भिड़े छात्रों के गुट, जमकर चली कुर्सियां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मदनगंज-किशनगढ़ - आरके पाटनी राजकीय महाविद्यालय में गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों के दो गुट भिड़ गए। झगड़ा कर रहे छात्रों ने कॉलेज की कुर्सियों का जमकर इस्तेमाल किया। मारपीट में चार छात्रों को चोटें आईं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में घुस आए नॉन कॉलेजिएट छात्र शुरू से हूटिंग कर रहे थे। उधर, छात्र संघ अध्यक्ष ने प्रशासन पर कार्यक्रम में बाहरी तत्वों को घुसने से रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार कॉलेज का वार्षिक समारोह ‘उमंग’ सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ। कॉलेज के गेट पर छात्रों के आई कार्ड जांच नहीं किए जाने से कई बाहरी लोग भी आ गए।

छात्र-छात्राओं के हर नृत्य व गीत पर हूटिंग चलती रही। इस पर व्याख्याता व छात्र संघ पदाधिकारी समझा-बुझाकर उन्हें शांत करते रहे। काफी देर तक टकराव टाल रहे छात्रों का सब्र शायद जवाब दे गया और दर्शकों में हाथापाई शुरू हो गई। छात्रों ने कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। करीब सौ से अधिक कुर्सियां टूट गईं। इस पर कार्यक्रम बंद कर दिया गया। इसी दौरान कॉलेज प्रशासन ने शहर थाना पुलिस को सूचित किया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची, तब तक झगड़ा करने वाले तितर-बितर हो गए थे। कॉलेज छात्र संघ पदाधिकारियों रवि वैष्णव, मनीष टेलर तथा अन्य ने कॉलेज प्रशासन व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि बाहरी तत्व सांस्कृतिक कार्यक्रम में घुस आए और माहौल खराब करते रहे, लेकिन कॉलेज प्रशासन रोक नहीं पाया और पुलिस भी देरी से पहुंची।

देरी से पहुंची पुलिस

कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीपकराज मेहरोत्रा ने बताया कि उन्होंने शहर थाना पुलिस को एक दिन पहले ही लिखित में सूचित कर पुलिस की मदद मांगी थी, लेकिन थाने से मात्र एक पुलिसकर्मी को भेजकर पुलिस ने कर्तव्य की इतिश्री कर ली। प्राचार्य ने आरोप लगाया कि झगड़ा होने के बाद दोपहर 1.10 बजे पुलिस को सूचित किया, लेकिन पुलिस चालीस मिनट बाद पहुंची जिससे माहौल बिगाडऩे वालों को भागने का मौका मिल गया। हालांकि प्राचार्य का यह भी कहना है कि झगड़ा करने वाले गुटों ने शाम को आपस में समझौता कर लिया।

प्राचार्य का घेराव

छात्र संघ अध्यक्ष रवि वैष्णव के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने प्राचार्य डॉ. मेहरोत्रा को ज्ञापन देकर बाहरी तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की तथा इस बात को लेकर परिसर में जमकर हंगामा किया। प्राचार्य ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इनका कहना है

हमने पूर्व में पुलिस को लिखित में सूचना देकर जाब्ते की मांग की थी। कॉलेज प्रशासन पूरी तरह से सतर्क होकर छात्र संघ के पदाधिकारियों के साथ व्यवस्था बनाए हुए था, मगर कुछ बाहरी छात्रों के कारण इस प्रकार की स्थिति बनी। शाम को दोनों पक्षों ने लिखित में समझौता कर लिया। -डॉ. दीपक राज मेहरोत्रा, प्राचार्य

पुलिस ने प्रारंभ में ही दो कांस्टेबल भेज रखे थे। कॉलेज में छात्रों के झगड़े की सूचना मिलने पर और पुलिसकर्मी भी भेजे गए थे। बाहरी तत्वों के संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। -रामचंद नेहरा, सीआई, शहर थाना



किशनगढ़ के राजकीय महाविद्यालय में हुड़दंग