समस्याओं से त्रस्त लोग सड़क पर उतरे
भास्कर न्यूज - बांसवाड़ा
पानी की सही निकासी नहीं होने और बजरी व्यापार का स्थल बने अंबिका कॉलोनी के लोगों ने बुधवार सुबह को लिंक रोड जाम कर दिया। करीब 20 मिनट तक हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और लोगों को रवाना किया। परेशान लोग मौके से तो चले गए, लेकिन अपनी समस्या बताने कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्टर को परेशानी बताई। नगर परिषद पर जान बुझकर समस्याओं का हल नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान कई महिलाएं शामिल थी।उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताया। वहां पर चल रहे बजरी व्यापार के कारण आए दिन लग रहे जाम आदि समस्या को लेकर अपनी वेदना बताई। पुलिस पर बजरी बेचने वालों से मिलीभगत का आरोप लगाया। इस पर कलेक्टर केबी गुप्ता ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।