किसानों की खड़ी फसल चौपट हो गई
भास्कर न्यूज - डूंगरपुर
आसपुर पंचायत समिति के मुंगेड़ गांव में पत्थर गोदाम के पास बुधवार को भीखाभाई नहर का एक हिस्सा टूट गया। नहर में पानी चल रहा था। नहर टूटने से सिंचाई का पानी व्यर्थ ही बह गया। नहर टूटने से किसानों की खड़ी फसल चौपट हो गई। इधर नहर टूटने की जानकारी किसी अधिकारी को नहीं होने से पानी के बहाव को नहीं रोका जा सका।
मुंगेड गांव के पत्थर गोदाम के पास के भीखाभाई नहर गुजर रही है। इस नहर को निर्माण पांच वर्ष पूर्व किया गया था। इस नहर का 10 फीट लम्बा हिस्सा टूट गया जिससे कई खेत जल मग्न हो गए। इस नहर से आगे के खेतों में सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नहर के टूटने की शिकायत मिलने के बाद मौके पर लक्ष्मीशंकर शर्मा ने मौके पर पहुंच कर किसानों से बात कर नुकसान का आंकलन किया। किसान गणेश तेली, मिथून कलाल, गणेश पंचाल, कचरू मीणा ने बताया कि पानी के लगातार आवक होने के कारण सारे खेत जलमग्न हो रहे है। वही मलबा गिरने से खेतों की स्थिति खराब हो गई है। किसानों ने नहर के घटिया निर्माण की जांच करने की मांग रखी। वही मौके पर बुधवार शाम तक कोई भी प्रशासनिक व विभागिय अधिकारी नहीं पहुंचा। जिससे किसानों में भारी रोष प्रकट किया।