- Hindi News
- खातेदारों ने कहा, ‘जमीन गई तो भूखे मर जाएंगे ’
खातेदारों ने कहा, ‘जमीन गई तो भूखे मर जाएंगे ’
भास्कर न्यूज - डूंगरपुर
नेशनल हाइवे न. 8 को सिक्स लेन में अपग्रेड करने के लिए भूमि अवाप्ति पर चार खातेदारों ने शुक्रवार को आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा यदि जमीन अवाप्त हुई तो वे भूखे मर जाएंगे।
फोर लेन नेशनल हाइवे 8 को सिक्स लेन में अपग्रेड करने के लिए भूमि अवाप्ति पर उजरदारी पेश करने का शुक्रवार को अंतिम दिन था।अंतिम दिन तक पांच पत्र प्राधिकारी अधिकारी को सौंपे गए।इसमें एक खातेदार ने बताया कि वह बाहर रहता है और जब भी मुआवजे के चेक बांटे जाए तो उसे सूचना देकर बुला लिया जाए।
इन्होंने की आपत्ति
तीन खातेदार नेमा पुत्र सेंगा, लाला पुत्र ककुआ, हाजा पुत्र होमा, दीता पुत्र मेगा वगैरह ने आपत्तियां दर्ज कराई है।
बस स्टैंड कहीं ओर बनाए
मौजा बरोठी के खसरा नं. 286 पर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरोठी उपली की भूमि भी अवाप्ति में शामिल है।प्रधानाध्यापक की ओर से पेश की गई उजरदारी में बताया है कि स्कूल के पास पहले ही भूमि कम है, अवाप्ति से स्कूल संचालन मुश्किल होगा।मौके पर सिक्स लेन का बस स्टैंड बनाए जाने से स्कूल के बच्चों के आने जाने के समय दुर्घटनाएं होने की संभावना बनी रहेगी।स्कूल के पास प्रस्तावित बस स्टैंड हटाकर कहीं ओर शिफ्ट किया जाए।
खातेदारों की पीड़ा
: आपत्ति दर्ज कराने वाले खातेदारों की पीड़ा है कि वे तथा उनके पुरखे इसी भूमि पर खेती करते थे।खेती से होने वाली उपज से परिवार का पेट पलता है।अब भूमि अवाप्त होने से उनके लिए खेती की भूमि का संकट खड़ा हो जाएगा।पैतृक गांव बरोठी नेशनल हाइवे न.8 पर है।क्षेत्र में भूमि की दरें आकाश छू रही है।ऐसे में मुआवजे के रूप में जो राशि मिलेगी उससे वे कोई और भूमि नहीं खरीद सकेंगे जिस पर खेती हो सके।खेती नहीं होने से रोजी रोटी का संकट हो जाएगा।
: खातेदार पशुपालकों की एक पीड़ा है कि उनके पास जो पशुधन है उसे वे इन्हीं खेतों में उगने वाले चारे को खिलाकर जिंदा रखते है।अब खेत जाने के बाद पशु भूख से मरेंगे।
: खातेदारों ने कहा कि गरीब आदिवासियों की जमीन अवाप्ति से उनका जीवन दूभर हो जाएगा।मुआवजे से मिलने वाली नगण्य होती है, ऐसे में अवाप्ति उनके अधिकारों का हनन होने के साथ ही न्याय संगत नहीं होगी।
सिक्स लेन के लिए भूमि अवाप्ति पर उजरदारी पेश