किराना और पशु आहार की दुकान में चोरी
सीमलवाड़ा। धंबोला थाना क्षेत्र के सीमलवाड़ा कस्बे में बीती रात को को रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित किराना व पशु आहार की दुकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान से करीब एक लाख रुपए का सामान और नकदी चोरी की गई।
सीमलवाड़ा निवासी जादवजी पुत्र जगजी कलाल की दुकान के पीछे की खिड़की के सलिए तोड़कर व पास में ही दीवार में छेद कर दुकान के अंदर से 25 किलो महान घी, 22 किलो बादाम व काजू , 28 हजार रुपए नकद चुरा लिए। दुकान मालिक जादवजी कलाल ने पुलिस को दी रिर्पोट में बताया कि गुरुवार शाम को दुकान बंद कर घर गए थे। शुक्रवार सुबह जब दुकान खोली तो अंदर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। दुकान के पीछे सुलभ सुविधा घर बना है। अज्ञात चोरों ने उसकी दीवार का सहारा लेकर घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर धंबोला थानाधिकारी मनीष चारण, सीमलवाड़ा चौकी प्रभारी चंदनसिंह राठौड़ मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। कस्बे में एक माह के भीतर महेंद्र कोठारी, अयूब हांजी सहित कई दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। बढ़ती चोरियों से व्यापारियों में भय व्याप्त है।