आड़ीभीत स्कूल में वित्तीय गड़बड़ी भी
भास्कर न्यूज - बांसवाड़ा
राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल आड़ीभीत में वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। एसएमसी के सदस्यों की बैठक के खाली रजिस्टर पर पदाधिकारियों के सील सहित हस्ताक्षर किए हुए है। ताकि कोरे कागज पर जो भी चाहे, वह आसानी से लिखा जा सकता है। ऐसे में उन अधिकारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिन्होंने अब तक स्कूल में तीन बार जांच की है।
यह मामला शुक्रवार को सामने आया, जब सर्वशिक्षा अभियान के अतिरिक्त परियोजना समन्वयक डॉ. हरिशंकर मारू ने स्कूल में जाकर रिकॉर्ड की जांच की। जिसमें वित्तीय और स्कूल मैनेजमेंट से जुड़ी गड़बडिय़ां सामने आई है। डॉ.मारू ने बताया कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। विदित रहे, कुछ दिन पहले ही इस स्कूल में शिक्षिकाएं और संस्थाप्रधान के बीच विवाद सामने आया था। इसके बाद जिला परिषद ने संस्थाप्रधान को हटाने के आदेश जारी किए थे, वहीं प्रकरण की जांच चल रही है। इस पूरे प्रकरण का खुलासा दैनिक भास्कर ने
किया था।
सवा दो लाख रुपए का हिसाब-किताब नहीं
सर्वशिक्षा मद से बाउंड्रीवॉल बनाने के लिए जारी किए गए सवा दो लाख रुपए की राशि का कोई भी हिसाब किताब नहीं मिला। डॉ.मारू ने बताया कि स्कूल रिकार्ड में इससे जुड़े दस्तावेज देखे हैं, लेकिन कहीं पर भी जानकारी नहीं मिली है। जबकि राशि खर्च होने के बाद इसका उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना चाहिए था। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने एसएमसी बैठक नहीं होने की बात कहीं है, जबकि रजिस्टर में कोरे कागज पर हस्ताक्षर होना पाया गया है।