- Hindi News
- पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक रंग छाए, भारत मां की वंदना
पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक रंग छाए, भारत मां की वंदना
बांसवाड़ा. गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर नगर परिषद सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शहरी स्कूलों और स्थानीय प्रतिभाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए पूरे माहौल को गणतंत्रमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और भारत माता की वंदना से हुई।
समारोह के दौरान नूतन स्कूल की छात्राओं ने तेरी ये जमीं, तेरा आसमां.... जैसे गीतों पर समूह गान प्रस्तुति किया तो उपस्थित अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए। स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों के मन में देशप्रेम का जज्बा जगा दिया। इस अवसर पर एडीएम मोहनलाल गुप्ता, एसडीएम केके गोयल, एडीईओ मोहनलाल निनामा और महेंद्र त्रिवेदी, नूतन स्कूल के प्रधानाचार्य मावजी खांट, नगर परिषद आयुक्त दिलीप गुप्ता सहित प्रशासनिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। रंगारंग संध्या की शुरुआत सरस्वती संगीत कला संस्थान की कलाकार उर्वशी और दल ने ओ पालनहारे गीत से की। वहीं जवाहर नवोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बालिका स्कूल नई आबादी की छात्राओं ने प्रे फॉर इंडिया का नृत्य प्रस्तुत किया। इस मौके पर नूतन, न्यू लुक स्कूल, बीवीबी स्कूल, चंद्रपोलगेट, आलोक विद्याविहार आदि स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। संचालन प्रीति कुलश्रेष्ठ और स्वर्णादास ने किया। आभार संयोजक चंद्रपोल गेट स्कूल ने माना।