- Hindi News
- बेकाबू ट्रक दीवार तोड़कर मंदिर में जा घुसा, बड़ा हादसा टला
बेकाबू ट्रक दीवार तोड़कर मंदिर में जा घुसा, बड़ा हादसा टला
भास्कर न्यूज - पुनावली
लकडिय़ों से भरा एक ट्रक शनिवार रात को अनियंत्रित होकर आसपुर मार्ग पर पुनावली घाटे पर स्थित मंदिर में जा घुसा। जिससे मंदिर की दीवार टूट गई, लेकिन मूर्ति के ठीक आगे आकर ट्रक रुक गया। इस कारण मूर्ति सुरक्षित बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात को लकडिय़ों से भरा एक ट्रक डूंगरपुर से आसपुर की ओर जा रहा था। पुनावली से आगे घाटे पर उतार के समय ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक के पीछे का ट्रोला भाग पलट गया और लकडिय़ां के गट्टे सड़क पर बिखर गए। इसके बाद ट्रक ने उतार में सड़क से करीब 50 फीट दूर मंदिर की दीवार को तोड़ते हुए ट्रक अंदर जा घुसा और मूर्ति के ठीक सामने जाकर रुक गया।
घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दौड़कर घटनास्थल पहुंच गए। मंदिर की एक तरफ की दीवार पूरी तरह टूट चुकी थी, टूटा हुआ मटेरियल मंदिर में बिखरा हुआ था, लेकिन मूर्ति को सुरक्षित देखकर लोग खुश हो गए। सूचना पर दोवड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। रविवार को ग्रामीण और ट्रक मालिक के बीच घटना को लेकर वार्ता हुई, जिसमें मंदिर के टूटे हिस्से के पुन: निर्माण को लेकर सहमति बनाई
गई।
मूर्ति से ठीक पास जाकर ट्रक रुक गया, चालक मौके से भागा