- Hindi News
- मनरेगा में खडग़दा गांव ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मनरेगा में खडग़दा गांव ने बढ़ाया प्रदेश का मान
भास्कर न्यूज - डूंगरपुर
हमेशा की भांति महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत डूंगरपुर जिले ने एक बार पुन: अपना नाम राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज कराया है।
इस बार जिले की खडग़दा ग्राम पंचायत ने योजना में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए देश की चुनिंदा 11 ग्राम पंचायतों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक व कलेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव अपराजिता सारंगी की ओर से मिले पत्र के अनुसार महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत श्रेष्ठ कार्य करने के लिए देश के चुनिंदा 9 जिलों और 11 ग्राम पंचायतों को सम्मानित करने की घोषणा की है जिसमें राजस्थान से एकमात्र डूंगरपुर जिले की खडग़दा ग्राम पंचायत का नाम शामिल किया गया है।
पहले भी मिला सम्मान
वर्ष 2006 में प्रारंभ हुई राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत जिले को सम्मान मिलने की परंपरा भी लगातार जारी रही है और प्रतिवर्ष इस योजना के तहत किसी न किसी उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्राप्त होता रहा ही है। इससे पूर्व कलेक्टर मंजू राजपाल, नीरज के पवन, आरुषि ए मलिक, पूर्ण चंद्र किशन और पूनम के बाद अब कलेक्टर विक्रम सिंह के कार्यकाल में जिले को राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्राप्त हो रहा है।
इसलिए मिला पुरस्कार
खडग़दा ग्राम पंचायत को यह पुरस्कार योजना के तहत चारागाह विकास कार्य, गुणवत्तायुक्त स्थायी परिसंपत्तियों के सृजन और उपयोगिता व पूर्णता प्रमाण पत्रों की शत प्रतिशत उपलब्धि के लिए दिया जा रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव कल्याणसिंह चौहान का कहना था कि ग्राम पंचायत में चारागाह विकास के साथ एनीकट, चैकडेम, केशवबाड़ी योजना, खरंजा व सीसी सड़कों के साथ जलसंग्रहण के बेहतरीन कार्य संपादित किए गए हैं और शत प्रतिशत यूसी व सीसी उपलब्ध कराई गई है।
दो फरवरी को होगा सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आगामी 2 फरवरी को नौवें महात्मा गांधी नरेगा दिवस आयोजित समारोह में जिले की खडग़दा ग्राम पंचायत की सरपंच केसर देवी रोत को ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिले से प्रतिनिधि के रूप में महात्मा गांधी नरेगा के आईईसी समन्वयक महेश जोशी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सफलता - राष्ट्रीय सम्मान मिलेगा, देशभर से चयनित 11 पंचायतों में खडग़दा भी शामिल