- Hindi News
- 26 से वार्डन छुट्टी पर, इंचार्ज कौन? पता नहीं
26 से वार्डन छुट्टी पर, इंचार्ज कौन? पता नहीं
बांसवाड़ा - शहर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग का गल्र्स हॉस्टल 26 जनवरी से रामभरोसे चल रहा है। इस हॉस्टल की वार्डन संगीता गणतंत्र दिवस मनाने के बाद छुट्टी पर है, जबकि पीछे से हॉस्टल का चार्ज किसके पास है, यह जानकारी कर्मचारियों के पास नहीं है और विभाग ने किसी को चार्ज दिया भी नहीं है। बालिकाएं खाना पकाने वाले रसोइयों और रात्रि चौकीदार के भरोसे है। मूक बधिर स्कूल का प्रकरण सामने आने के बाद भी विभाग नहीं चेता है।
यह हॉस्टल जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के ऑफिस के ठीक बगल में है और सिविल लाइन एरिया में है। इस बारे में जब हॉस्टल वार्डन से संपर्क किया गया तो उसका कहना है कि छुट्टी के संबंध में ऑफिस को जानकारी दे दी थी। चार्ज के बारे में पूछा तो वार्डन का कहना है कि दो दिन की ही तो बात है। ऐसे में कोई घटना हो गई, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी ?
कर्मचारी बोले- ऑफिस वाले आए थे
रसोइयों और चौकीदार ने बताया कि एक दिन पहले ऑफिस वाले आए थे। हॉस्टल के चारों और घूम कर चले गए। वार्डन के बारे में पूछे जाने पर जवाब दिया कि उनके किसी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, इस वजह से उन्हें अचानक ही जयपुर जाना पड़ा था। वार्डन के कार्यालय पर ताला जड़ा हुआ था। चाबी और तमाम रिकॉर्ड भी वार्डन के पास ही है।