घाटोल में लावारिस हालत में मिला बालक
घाटोल - कस्बे के नए बस स्टैंड परिसर में बुधवार को 5-6 वर्षीय लावारिस बच्चा इधर उधर भटकता हुआ मिला। जिससे दुकानदारों ने पूछताछ की लेकिन वह ज्यादा कुछ नहीं बोला। इस पर दुकानदार उसे पुलिस चौकी ले गए। जहां चौकी प्रभारी मदनसिंह के द्वारा पूछताछ करने पर बालक ने अपना नाम सुनील निवासी गलियाकोट बताया। इसके बाद छोटी बहन का रीना और मां का कचरी नाम बताया। सुनील ने बताया की वह अपनी मां कचरी के साथ खाट की निवार लाने के लिए मंगलवार शाम घाटोल आए थे। जहां उसकी मां उसे वहां खड़ाकर निवार लेने के लिए गई और अभी तक नहीं लौटी। इस पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी ने गलियाकोट पुलिस से संपर्क किया। जहां से उन्हें बच्चे के पहले भी तीन बार गुमशुदा होने और एक बार डूंगरपुर शहर तथा दो बार बाल संप्रेषण गृह डूंगरपुर से वापस लाने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके अलावा सुनील के पिता के गुजरात में मजदूरी करने तथा मां के गलियाकोट में किसी दरगाह के समीप रहने की बात सामने आई।परिजनों से संपर्क नही होने के कारण फिलहाल सुनील को घाटोल के गांधी बस्ती निवासी भाजयुमो महामंत्री कांतिलाल यादव के घर रखा गया है।