- Hindi News
- पीजी की परीक्षा के कारण एक साथ 35 डॉक्टर रहे अवकाश पर
पीजी की परीक्षा के कारण एक साथ 35 डॉक्टर रहे अवकाश पर
भास्कर न्यूज - बांसवाड़ा
एमबीबीएस करने के बाद पीजी की तैयारी करने वाले जिले के 35 डॉक्टरों ने परीक्षा दी। एक साथ इतनी ज्यादा संख्या में डॉक्टरों के अवकाश पर चले जाने के कारण जिलेभर में चिकित्सा सुविधाएं प्रभावित रहीं। इससे मरीजों को दिनभर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 47 डॉक्टर ऐसे हैं, जो कि एमबीबीएस करने के बाद ही सरकारी सेवा में आ गए। इस 47 में से 30 डॉक्टरों ने जिले में पीजी के एक्जाम के लिए अवकाश लिया था। इस कारण चिकित्सा व्यवस्थाएं गड़बड़ हो गईं।
शहर के महात्मा गांधी अस्पताल में भी दिनभर मरीज परेशान रहे। अस्पताल में दवा लेने के लिए परिजनों के साथ आए लोग परेशान होते रहे। आउट डोर के समय दिन और शाम को एक जैसे हालात रहे। एमजीएच में करीब 35 डॉक्टर कार्यरत हैं। इसमें से चार पीजी के कारण अवकाश पर रहे। तीन डॉक्टर स्थाई रूप से अवकाश पर चल रहे हैं। तीन डॉक्टरों को डिस्पेंसरी में लगाया हुआ है। एक की दिन और एक की रात्रि में ड्यूटी रहती है। दो डॉक्टर कैम्प में चले गए। तीन एनेस्थीसिया के कारण ऑपरेशन थियेटर में चले गए। अब शेष रहे दो सर्जन ने ऑपरेशन किए, राउंड किए और मरीज भी देखे। सात डॉक्टर गायनिक में ही बैठते हैं। अब जो डॉक्टर शेष रहे, उन्होंने ही मरीज देखे।
अच्छी व्यवस्था की कोशिश
सीएमएचओ डॉ. एचएल ताबियार ने बताया कि एक साथ 30 चिकित्सक अवकाश रहने के कारण समस्या तो हुई लेकिन एक दिन की बात थी, इस कारण कोशिश की बेहतर व्यवस्था करने की। पीएमओ डॉ. सर्वेश बिसारिया ने बताया कि 5 डॉक्टरों के अवकाश के कारण मरीजों को दिक्कत हुई होगी, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है। शुक्रवार को किसी को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
जिलेभर में चिकित्सा व्यवस्था गड़बड़ाई