जिला परिषद की फाइलों को दीमक ने चाटा
बांसवाड़ा - जिला परिषद कार्यालय की फाइलों को दीमक ने चाट डाला। जी हां, कार्यालय में बरसों पुरानी अहम फाइलों को दीमक चट गई है। ऑफिस के कर्मचारियों को बात की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में सफाई अभियान प्रारंभ कर दिया।
ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अधीन संचालित योजनाओं से जुड़े हुए दस्तावेजों को जिला परिषद में संभाल कर रखा गया था, लेकिन पिछले कुछ समय से फाइलों को लगातार दीमक चट कर रही थी। इसे देखते हुए सीईओ आरएल चाहिल ने तत्काल सफाई करने के निर्देश दिए। गुरुवार को पूरे दिन फाइलों को संभालने और दीवारों पर दीमक को साफ करने का अभियान चलाया गया। हालांकि कर्मचारियों का दावा है कि दीमकों ने कोई बड़ा नुकसान नहीं किया है और लगभग सभी फाइलें सुरक्षित हैं।
नियमित सफाई नहीं होने का नतीजा : जिला परिषद में नियमित सफाई नहीं होती है। इसी वजह से दीमक फाइलों को चट कर रहीं है। लंबे समय से कोई भी साफ सफाई नहीं हुई है। दूसरी ओर, गुरुवार को दीवारों पर दवाइयों का छिड़काव कराया गया है और सभी फाइलें निकालकर उसकी सफाई कराई गई है। इसके साथ ही दवाई का पाउडर पानी में मिलाकर सभी स्थानों को धोया गया है।