दूसरा जेब तराश भी आया पकड़ में
भास्कर न्यूज क्च नागौर
विजय बल्लभ चौराहे पर 18 जनवरी को एक जेब तराश ने अपने दो साथियों की मदद से बस में चढ़ रहे एक व्यक्ति की जेब से 27 हजार रुपए पार कर दिए थे। पहले आरोपी को तो लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया जबकि बुधवार को मुखबिर की सूचना पर दूसरा आरोपी भी कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर रियांबड़ी निवासी ओमप्रकाश उर्फ अमकाराम बावरी को पादुकलां से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पीडि़त के 27 में से 25 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। मामले में अब तक दो आरोपी पकड़े गए हैं जबकि तीसरा आरोपी रियां बड़ी निवासी रामदेव बावरी अन्य आरोपों में पहले से ही अजमेर जेल में बंद है। उसे पादुकलां पुलिस ने नागौर में हुई वारदात के बाद पकड़ा था। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। वारदात में प्रयुक्त वैन अभी पुलिस के हाथ नहीं लगी है। तीसरे आरोपी को भी जल्दी ही प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए नागौर लाया
जाएगा। पुलिस को आरोपियों से अभी और भी कई मामले खुलने की उम्मीद है।
यह था मामला
डीडवाना के ध्यावा गांव निवासी बजरंग मेघवाल 18 जनवरी को डीडवाना मजदूरों को पैसे देने जा रहा था। उसके पास पेंट की अलग अलग जेबों में 77 हजार रुपए थे। आरोपी ने बजरंग की जेब से 27 हजार रुपए निकाल लिए। दूसरी बार जैसे ही आरोपी ने बजरंग की जेब में हाथ डाला तो पता चला की 27 हजार रुपए तो गायब है। एक आरोपी संपत मौके पर ही
पकड़ा गया था दो आरोपी भाग निकले थे।