पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कई जगह मावठ की वर्षा, ओले भी गिरे

कई जगह मावठ की वर्षा, ओले भी गिरे

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कुचामन सिटी
बर्फानी हवाओं व आसमान से बरसती फुहारों से शहर में बुधवार को भी ठंड का व्यापक असर रहा। कड़कड़ाती ठंड के इस दौर में बुधवार को दूसरे दिन भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए।
आसमान में दिन भर बादलों का डेरा जमा होने से लगातार दूसरे दिन भी धूप नहीं खिली। ऐसे में सर्दी का असर कई गुना बढ़ा हुआ महसूस हुआ। दो दिन पूर्व हुई मावठ के बाद मौसम में आए परिवर्तन से जनजीवन अस्त व्यस्त बना हुआ है। शादी विवाह समारोह में सर्दी के साथ बरसात जैसा मौसम बने रहने से लोगों के परेशानी बनी रही।
नावां सिटी. शहर व आस पास के क्षेत्र में पिछले दो दिनों से सूर्य देव के दर्शन नहीं होने व सर्द हवाएं चलने के कारण तापमान में काफी गिरावट आ गई। मंगलवार अलसुबह हुई मावठ के बाद से ही बादलों ने आसमान पर अपना डेरा जमाए रखा।
मेड़ता रोड. बुधवार को सुबह फिर अचानक कोहरा छा जाने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। करीब दस बजे तक कोहरा छाया रहा। वहीं दूसरी ओर ट्रेनें भी देरी से पहुंची। हावड़ा- जोधपुर सुबह 4.10 बजे के स्थान पर साढ़े चार घंटे देरी से यानि साढ़े आठ बजे, भोपाल- जोधपुर घंटे, वाराणसी- जोधपुर, कालका एक्सप्रेस, मंडोर एक्सप्रेस, सूरतगढ़- जयपुर, हिसार- जोधपुर सहित अन्य ट्रेनें एक से दो घंटे देरी से आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मकराना. क्षेत्र में मौसम का मिजाज पिछले दो दिनों से बिगड़ा हुआ है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छा गए तथा ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। बादलों के कार्य सूर्य देव ने दर्शन नहीं दिए जिससे ठंडी हवाएं दिनभर लोगों को कंपकपाती रही।
मौलासर. मौसम में आए बदलाव व फसलों के खराबे को लेकर क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि गत काफी दिनों से क्षेत्र में मौसम बदलाव को लेकर कभी कोहरा तो कभी सर्द हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही से सरसों, चना, इसबगोल, जीरा सहित अनेक फसलों में काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही हैं।
मीठड़ी. कस्बे सहित आस पास के ग्रामीण अंचल में बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे। शाम को 3 बजे शुरू हुई तेज बारिश शाम 4 बजे तक चलती रही। बारिश के कारण सर्दी में भी बढ़ोतरी हो गई।
हरसौर. कड़ाके की ठंड अंग्रेजी पेड़ों पर भारी पड़ रही है। प्रदेश मे पाले के दुष्प्रभाव के चलते अंग्रेजी बबूल के पेड़ जलकर सूख गए हैं।
बोरावड़. कस्बे में बुधवार को कुछ देर के लिए तेज बारिश के साथ ओले गिरे। बरसात होने से ठंड में बढ़ोतरी होने से ग्रामीणों को ठंड ने कंपकंपा दिया। शीत लहर के चलते दिन भर लोगों को धूजणी छूटती रही। सुबह से शाम तक ठंड का प्रकोप रहने से जनजीवन खासा प्रभावित रहा।
लाडनूं. कस्बे में बुधवार सुबह पौने दस बजे सवा 11 बजे तक जमकर बारिश हुई। इससे सर्दी बढ़ गई। लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।