सीडब्ल्यूआर बनने से मिलेगा मीठा पानी
भास्कर न्यूज - मेड़ता रोड
नागौर लिफ्ट नहर परियोजना का मीठा पानी मेड़ता रोड के वाशिंदों को भी उपलब्ध करवाने के लिए शिवरामपुरा में साढ़े पांच लाख लीटर पानी की क्षमता का सीडब्लूआर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
इससे यहां के वाशिंदों में अपार खुशी व्याप्त है। टंकी भी बाइपुरा में बनाई जाएगी। इंदिरा गांधी नागौर लिफ्ट नहर परियोजना का लाभ मेड़ता रोड क्षेत्र को मिलेगा। गत लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब मीठा पानी उपलब्ध हो सकेगा।
योजना के तहत ग्राम पंचायत मेड़ता रोड के शिवरामपुरा के पास में स्थित जमीन में 6 बीघा जमीन दी गई है। जहां पर हिमालय के पानी के संग्रहण के लिए हेड वर्क का कार्य जून 2013 में शुरू किया गया था। इस योजना के तहत 325 करोड़ का पैकेज है।
जिसमें 151 गांवों को पानी मिलेगा। मूंडवा व कुचेरा में बड़ा संग्रहण हेड वर्क बनाया जाएगा। हेड वर्क का कार्य पूरा होने के बाद अब साढ़े पांच लाख लीटर की क्षमता का सीडब्लूआर यानि बड़ा हौद बनाया जा रहा है।
इसमें पानी इकट्ठा करने के बाद बाइपुरा में प्रस्तावित पानी की टंकी में पानी भरा जाने के बाद कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में पानी सप्लाई किया जा सकेगा। सरपंच सरजूदेवी लटियाल ने बताया कि योजना मूर्त रूप लेने के बाद यहां के वाशिंदों को मीठा पानी उपलब्ध हो जाएगा।