गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर
भास्कर न्यूज - नागौर
गणतंत्र दिवस को लेकर राजकीय स्टेडियम में तैयारियां जोरों पर चल रही है।
शारीरिक व्यायाम को लेकर कांकरियां स्कूल में चल रही स्कूली छात्रों की तैयारियों के साथ राजकीय स्टेडियम में भी साफ सफाई चल रही है। वहीं गणतंत्र दिवस को लेकर राजकीय स्टेडियम पर रंग रोशन किया गया है। स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने व शामिल होने वाले लोगों की व्यवस्था के लिए टैंट लगाए जा रहे है। साथ ही परेड के लिए लाइनिंग की गई है।
बासनीं. गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राउमावि में विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों के बच्चों की तैयारियां जोरों पर चल रही है। शारीरिक शिक्षक राम कैलाश की अगुवाई में बच्चों को पीटी, आसन्न और पिरामिड का अभ्यास करवाया जा रहा है।
साथ ही विद्यार्थियों को भाषण, लेखन प्रतियोगिता, कविता पाठ और देश भक्ति के गीतों की तालीम दी जा रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिराम भाटी ने बताया कि समारोह में झंडारोहण के बाद स्कूल के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।
खींवसर. उपखंड क्षेत्र सहित गांवों में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम के साथ मनाने के लिए तैयारियों जोरों से की जा रही हैं।
कस्बे के रूपरजत चौराहे स्थित आदर्श शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय में गणतंत्र दिवस पर्व पर छात्र-छात्रा सांस्कृ़तिक गीत की तैयारियां कर रहे हैं। राउमावि के खेल मैदान में क्षेत्र की सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा मार्च पास्ट व व्यायाम प्रदर्शन की तैयारियां करवाई जा रही हैं।
रोल. डेह के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य अनिल कुमार गौड़ ने बताया कि रामनिवास चोटिया के निर्देशन में विद्यार्थियों को व्यायाम प्रदर्शन करवाया जा रहा है। राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी भी करवाई जा रही है। इसी प्रकार रोल के सीनियर सैकंडरी स्कूल में शारीरिक शिक्षक परसाराम गोदारा के निर्देशन में सामूहिक रूप से तैयारियां करवाई जा रही हैं।