- Hindi News
- सांसद चंद्रेश कुमारी ने लगाया भाजपा पर भ्रम जाल फैलाने का आरोप
सांसद चंद्रेश कुमारी ने लगाया भाजपा पर भ्रम जाल फैलाने का आरोप
भास्कर न्यूज - कुचेरा
केंद्रीय संस्कृति मंत्री सांसद चंद्रेश कुमारी का मानना है कि भाजपा प्रचार करने में बड़ी ही माहिर है। नरेंद्र मोदी अपने भाषणों में जनता को इन्द्रधनुष छूने के सपने दिखा कर भ्रमित कर रहे हैं। भाजपा लोगों में भ्रम जाल फैला रही है।
चंद्रेश कुमारी ने गुरुवार को आकेली बी गांव में एक समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा मेरे बारे में प्रचार कर रही है कि मैं इस बार चुनाव नहीं लड़ूंगी। यह भ्रमित करने वाला प्रचार है। जनता और पार्टी का आशीर्वाद मुझ पर है। मैं चुनाव लड़ूंगी। चंद्रेश कुमारी ने अपने और कांग्रेस की ओर से किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेरे परिवार का भी इस गांव से पुराना ताल्लुक है। इसके चलते मेरी दादीसा ने इस गांव में एक कुएं का निर्माण करवाया था। इससे गांव को मीठा पानी मिला था।
उन्होंने जनता को पार्टी पर विश्वास रखने और उन्हें पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। बाद में भास्कर से बातचीत में यह पूछे जाने पर कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त दी, इसकी क्या वजह थी कांग्रेस को नाम मात्र की सीटें मिलीं, उनका कहना था कि काम की लहर नहीं चली, नाम की लहर चली। शिकस्त तो मिली परन्तु हमारी पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए जोरों से तैयारियां कर रही है। चंद्रेश कुमारी ने कहा कि मैंने पहले ही साफ कर दिया था कि मैं चुनाव लड़ूंगी और जोधपुर से ही लड़ूंगी। सचिन पायलट को प्रदेशाध्यक्ष बनाने से कांग्रेस को मिलने वाले लाभ के बारे में पूछे गए सवाल पर उनका कहना था, सचिन की युवा वर्ग में अच्छी पकड़ है। युवाओं का झुकाव सचिन की तरफ ज्यादा रहा है। उनको हर तबके, हर वर्ग से सहयोग मिला है। हम तो यही चाहते थे कि वे प्रदेशाध्यक्ष बनें।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने किया सड़क का लोकार्पण, सफर हुआ आसान
केंद्रीय संस्कृति मंत्री सांसद चंद्रेश कुमारी ने गुरुवार को आकेली बी गांव में फीता काटकर सड़क का लोकार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में आकेली बी सहित आसपास के गांवों के लोग व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। ग्रामीणों ने बताया कि कुचेरा से आकेली बी, पौ धाम, भदवासी, बच्छवारी, दूधड़ास से डेगाना को जोडऩे वाली संपर्क सड़क में आकेली बी जाने में पहले सोलह किलोमीटर का सफर करना होता था। लेकिन अब सड़क बनने से लोगों को राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी इस सड़क से 16 किलोमीटर का सफर अब आठ किलोमीटर में बदल गया है। सड़क के लोकार्पण के मौके पर कुचेरा को ऑपरेटिव चेयरमैन महेंद्र सिंह चौधरी, पालिका के पूर्व चेयरमैन पुखराज टाक, पौ धाम महंत रामनिवास दास दादुपंथी, आकेली बी सरपंच नैनी देवी खोखर, इंद्र सिंह मेड़तिया, श्रवण सिंह, पूनास सरपंच छैलू सिंह सहित ग्रामीण मौजूद थे। वहीं चंद्रेश कुमारी ने पौ धाम पहुंचकर सुखराम दास बाबा की समाधि पर माथा टेका। इस मौके पर धाम के महंत रामनिवास दास महाराज ने उन्हें गुरू वाणी ग्रंथ भेंट किया। साथ ही उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
> कुचेरा. आकेली बी गांव में समारोह में बोलती केन्द्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी।