कांस्टेबल की बाइक सीज की एसपी ने
कुचेरा. एसपी लक्ष्मण गौड़ ने बुधवार शाम बिना हेलमेट बाइक चलाने पर एक कांस्टेबल की बाइक का चालान काट कर सीज कर ली। जानकारी के अनुसार मेड़ता थाने का निरीक्षण करने के बाद एसपी लक्ष्मण गौड़ बुधवार शाम कुचेरा थाने के सामने खड़े थे। इसी दौरान उनकी नजर बिना हेलमेट के बाइक चला रहे गोटन थाने के कांस्टेबल सहदेव राम पर पड़ गई। सख्त हिदायत के बाद भी सड़क सुरक्षा सप्ताह में हेलमेट नहीं पहनना कांस्टेबल को भारी पड़ गया। एसपी ने बाइक को रुकवा लिया और हेलमेट नहीं होने का कारण पूछा। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए चालान काटते हुए बाइक सीज कर ली। सहदेव पूर्व में कुचेरा थाने में कार्यरत था। उसका परिवार यहीं पर क्वार्टर में रहता है।