- Hindi News
- कलेक्ट्रेट के बाहर 22वें दिन भी किसानों का धरना जारी
कलेक्ट्रेट के बाहर 22वें दिन भी किसानों का धरना जारी
नागौर. बिजली, पानी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर गुरुवार को भी किसानों का धरना जारी रहा। खींवसर क्रय विक्रय सहकारी संघ के अध्यक्ष नारायण बेनीवाल के नेतृत्व में 22वें दिन भी किसान धरने पर रहे। किसानों को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने कहा कि अब समय आ गया है हम सब को अपने जनप्रतिनिधियों व कानूनों का विश्लेषण कर लेना चाहिए। हमें यह तय करना है कि कैसे प्रतिनिधि व कानून हमारे लिए सबसे अच्छे हैं। हमारे हितों को कौनसा कानून सुरक्षा दे सकता है। सरकार को चाहिए कि किसानों को ही अपनी उपज का मूल्य निर्धारित करने की छूट दे। जिस तरह उद्योगपति अपने उत्पादन का मूल्य स्वयं तय करता है उसी प्रकार किसान भी अपना उत्पादन मूल्य निर्धारित कर सके। किसान गणेश तरड़, खेराज मेघवाल, आसाराम तांडी, मोडा राम चोटिया, आदू राम सिंवर, भागू राम ताऊसर ने धरने पर तेजा गायन भी किया। इस अवसर पर शंकर सुथार, डॉक्टर महेश कुचेरा, एडवोकेट रघुनंदन व्यास, पाबूसर सरपंच सुखराम, रामदेव प्रजापत, खजवाना सरपंच मूलाराम लोमरोड़, अमर भारती, मूला राम सांई, ग्वालू सरपंच नरसिंह ग्वाला, रामेश्वर गोलिया, दयालराम चौकीदार, गोविंद राम गोदारा, किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष भूरा राम ईनाणिया, पुरखाराम, जीएसएस अध्यक्ष लाला राम तरड़, नत्थाराम, खारी सरपंच गणपत, मोहन राम सहित कइयों ने किसानों को
संबोधित किया।