- Hindi News
- एक साल की मासूम को एक माह से अपनी मां का इंतजार
एक साल की मासूम को एक माह से अपनी मां का इंतजार
भास्कर न्यूज - मेड़ता रोड
एक माह पहले मेड़ता रोड प्लेटफार्म पर कालका एक्सप्रेस के जनरल कोच में लावारिस मिली एक साल की बच्ची के मां-बाप का अभी तक पता नहीं चला है। जीआरपी पिछले एक माह से पूरे राज्य में बच्ची के माता-पिता का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अभी बच्ची का पालन पोषण शिशु संरक्षण गृह में हो रहा है।
यह बच्ची एक माह पहले बाड़मेर से कालका जाने वाली एक्सप्रेस के जनरल कोच में लावारिस हालत में मिली थी। जीआरपी व आरपीएफ ने उसके मां-बाप का पता लगाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन इस बारे में कोई सुराग नहीं लगा। कोच के यात्रियों ने बताया था कि जोधपुर में एक महिला इस बालिका को सीट पर लिटाकर चली गई थी। पास में पानी की बोतल रखी थी। यात्रियों ने सोचा कि वह महिला वापिस आ जाएगी, लेकिन ट्रेन रवाना होने के बाद भी महिला नहीं आई तो यात्रियों ने मेड़ता रोड में रेल प्रशासन को सूचना दी। इस लावारिस बच्ची को राजकीय अस्पताल लेकर गए। वहां उसकी स्वास्थ्य जांच की गई। मासूम को बालगृह जोधपुर भिजवा दिया। जोधपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जीआरपी ने जांच शुरू की थी। मगर एक माह बाद भी मासूम के मां का कोई सुराग नहीं लग सका है।
यह है बच्ची का हुलिया
एक साल की मासूम का रंग सांवला, गले में ओम बन्ना का फोटो युक्त फुलडिय़ा, एक अंगूठी, छोटा चाकू पहना हुआ है। हरे रंग का गर्म सूट, पिंक कलर की फ्रॉक पहनी हुई है। पैरों में मौजे भी हैं। उसका वजन करीब सात किलो है।