पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ‘समस्याएं बाहर से नहीं आती, मिलकर करें समाधान’

‘समस्याएं बाहर से नहीं आती, मिलकर करें समाधान’

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कुचामन सिटी
पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण गौड़ ने शुक्रवार को कुचामन थाने में सीएलजी की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर में कोई भी समस्या बाहर से नहीं होती हैं। समस्याएं को हम ही जन्म देते हैं और उसका निदान भी सभी को मिलकर ही करना होगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती हुई दुर्घटनाओं को रोकने की शुरूआत खुद से करें। दुपहिया वाहन पर कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट के नहीं चले।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्थित करना कोई मुश्किल काम नहीं है। सदस्यों ने कहा कि एक हैड कांस्टेबल व चार कांस्टेबल पर ही यातायात की जिम्मेदारी है। बैठक में जिला परिषद के पूर्व सदस्य मोहब्बत सिंह खारिया, पूर्व सरपंच ईश्वर राम, वैद्य श्याम स्वरूप गौड़, हाकम अली खान, नगरपालिका प्रतिपक्ष नेता हेमराज चावला, सहित पुलिस अधिकारी व सीएलजी सदस्य मौजूद थे। एसपी ने कहा कि कोटा की तर्ज पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शीध्र ही हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। इस पर कोई भी विद्यार्थी मैसेज के माध्यम से अपनी समस्या भेज सकेगा। इस नंबर पर प्राप्त होने वाली समस्याओं व शिकायतों का रजिस्टर में इंद्राज कर कार्यवाही की जाएगी।
चोरी की घटनाओं पर लगाएंगे लगाम
मकराना. जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण गौड़ ने सीएलजी की बैठक में कहा कि जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाई जाएगी। इसके लिए विशेष टीमों को जिम्मेदारी सौंपेंगे। जिले में अब जेबतराशी की हर घटना की प्राथमिकी दर्ज होगी। एसपी ने थानाधिकारी को यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। ट्रैफिक व्यवस्था पर सुधार कर रेलवे स्टेशन का रास्ता हमेशा खुला रखने का प्रयास करें। बोरावड़ में पुलिस चौकी के लिए पर्याप्त भवन नहीं होने के मसले पर कहा कि जन सहयोग से भवन उपलब्ध करवाएंगे तो वहां पुलिस की नफरी बढ़ा दी जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप मोगा ने मकराना में आरएसी की कंपनी के लिए जमीन व भवन के लिए जन सहयोग का आग्रह किया।
बस स्टैंड पर तैनात करें पुलिसकर्मी
मौलासर. मौलासर थाने में सीएलजी बैठक में एसपी लक्ष्मण गौड़ को सदस्यों ने ट्रैफिक व्यवस्था व दुकानदारों द्वारा मुख्य सड़क पर सामान रखने से आने वाली परेशानियों के बारे में बताया। झाड़ोद सरपंच दशरथ सिंह ने कहा कि इस कारण मेगा हाइवे व धनकोली रोड पर जाम लगा रहता है। एसपी ने थानाधिकारी घनश्याम मीणा को इस संबंध में निर्देश दिए। साथ ही मुख्य बस स्टैंड पर पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी ने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। बैठक में दाउदसर सरपंच शौकत खां, लादडिय़ा के पुसाराम कड़वा, बांसा के पूर्व सरपंच दल्लाराम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।