पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नागौर जिले में नौ स्थानों पर शुरू हुए विधिक सेवा केंद्र

नागौर जिले में नौ स्थानों पर शुरू हुए विधिक सेवा केंद्र

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज क्च नागौर
शुक्रवार से नागौर जिले में मेड़ता न्याय क्षेत्र के नौ ताल्लुका में विधिक सेवा केंद्रों की शुरुआत समारोह पूर्वक की गई। इन केंद्रों पर लोगों को कानूनी सहायता व परामर्श मुहैया करवाया जाएगा। इन सेवा केंद्रों का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश आरएम लोढ़ा ने किया।
मौलासर. कस्बे के आईटी सेन्टर में ताल्लुका विधिक समिति डीडवाना व अपर जिला सेशन न्यायाधीश की ओर विधिक सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। विधिक सचिव भागीरथ राम कुमावत ने बताया कि विधिक सेवा केन्द्र का प्रमुख उद्देश्य आमजन को विधिक जानकारी ग्रामीण जनता को सरलता से उपलब्ध करवाना है। प्रतिदिन पैनल अधिवक्ता ओमप्रकाश पूनिया यहां जानकारी देंगे। शुभारंभ अवसर पर अधिवक्ता रामेश्वर लाल खोड़, कनिष्ठ लिपिक परवेज खां, रोजगार सहायक ब्रजपाल, नटवर लाल बारूपाल सहित अनेक लोगों ने भाग लिया।
परबतसर. राजस्थान स्टेट लीगल सेल अथॉरिटी के तत्वावधान में शुक्रवार शाम 4.15 बजे बिदियाद में विधिक सेवा केंद्र का शुभारंभ एडीजे नरेन्द्र कुमार शर्मा ने वेबकास्ट पर वीडियो कांफ्रेंस के जरिए किया। शर्मा ने बताया कि ग्राम स्तर पर विधिक सेवा केंद्र में ग्रामीणों को विधिक सेवा का लाभ मिल सकेगा। एसीजेएम नीरज कुमार ने बताया कि विधिक सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों में समझाइश कर छोटे मोटे विवाद व कानूनी समस्याओं का निराकरण किया जा सकेगा। विधिक सेवा समिति के सचिव मुन्नालाल चौहान, एडवोकेट जगदीश सिंह राठौड़,
दीनानाथ योगी ने भी इंटरनेट, वेबकास्ट, वीडियो कांफ्रेंस के बारे में विस्तार से समझाया।
जायल. ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों की जनकारी देने व पहले के केस में राजीनामों के लिए प्रेरित करने के उद्देश्यों से जायल ब्लॉक के पहले विधिक सेवा केन्द्र का शुभारंभ शुक्रवार को तरनाऊ के राजीव गांधी सेवा केन्द्र में हुआ। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के निर्देशानुसार ताल्लुका विधिक सेवा समिति जायल द्वारा ग्राम स्तर पर विधिक सेवा केन्द्र का तरनाऊ में राजीव गांधी सेवा केन्द्र में किया गया। इस दौरान विधिक सेवा केन्द्र जायल के अध्यक्ष सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट जायल देवेन्द्र कुमार भाटी, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार योगी, विकास अधिकारी हरफूल सिंह चौधरी, जायल थानाधिकारी भारत सिंह सहित कई अधिकारी व अधिवक्ता उपस्थित रहे। सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया की अधिवक्ता हरीश कुमार पारीक इस केन्द्र पर कानूनी सलाहकार के नाते कार्यरत रहेंगे। इस दौरान तरनाऊ के सरपंच, पंच ग्राम सेवक, अधिवक्ता संघ जायल के अधिवक्ता रामनारायण चौधरी, बस्तीराम ढाका, दशरथ सिंह राठौड़, अंबालाल पाराशर एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सचिव जितेन्द्र कुमार शर्मा ने केन्द्र के महत्व पर प्रकाश डाला।