- Hindi News
- युवक ने लगाई फांसी, रस्सी टूटने से बची जान
युवक ने लगाई फांसी, रस्सी टूटने से बची जान
भास्कर न्यूज - नागौर
नया दरवाजा में कक्कू वालों की पोल स्थित एक युवक ने शुक्रवार दोपहर फांसी लगा ली लेकिन रस्सी कमजोर होने से टूट गई और युवक नीचे गिर गया। एक बार सांस रुकने पर परिवार व डॉक्टरों ने उसे मृत समझ लिया। लेकिन उसका सीना दबाया गया तो युवक की सांसें वापस चलने लगी। हालांकि देर रात तक युवक को होश नहीं आया था। इस कारण यह खुलासा नहीं हो सका कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
पुलिस के अनुसार गोपाल पुत्र नथमल नाई ने शुक्रवार दोपहर तीन बजे के आसपास अपने कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसकी उम्र 22 वर्ष है। अभी तक घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। युवक ने जब फांसी लगाई तो रस्सी कमजोर होने के कारण टूट गई। कुछ देर लटके रहने के कारण युवक की सांसें रुक गई। वह नीचे गिरा तो आवाज सुनकर परिवार वाले भागते हुए आए व उसकी नब्ज व सांसें चेक की। दोनों ही रुकी हुई थी। गोपाल को तुरंत राजकीय चिकित्सालय लाया गया। डॉक्टरों ने भी नब्ज देख कर अंतिम प्रयास किया। युवक की छाती दबाई गई तो कुछ देर बाद सांसें वापस चलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शी यह देख कर हैरान थे वहीं परिवार वालों व डॉक्टरों ने राहत की सांस ली। युवक की जान तो लौट आई लेकिन बेहोश होने के कारण पुलिस उसके बयान नहीं ले सकी। इस दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। हर कोई यह जानने की कोशिश में था कि आखिर माजरा क्या है। पुलिस के लिए भी मामला अभी तक अंधेरे में ही है, क्योंकि युवक के होश में आने का इंतजार है।