डीटीओ को बताया, यूं पूरे करें टारगेट
भास्कर न्यूज - नागौर
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अजमेर ने शुक्रवार को जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों को समय से मंथली व सालाना टारगेट पूरे करने के तरीके भी बताए व जल्दी से टारगेट पूरा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रादेशिक अधिकारी हरीश शर्मा ने कार्यालय की पूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। राजस्व का मंथली व सालाना टारगेट समय रहते पूरा करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने डीटीओ प्रेमराज खन्ना सहित उप परिवहन अधिकारी भंवर लाल धुंधवाल को यह भी बताया कि जल्द टारगेट कैसे पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिना नंबर, पंजीयन रहित, बिना परमिट के चलने वाले वाहनों को पकड़ कर सीज करें, टैक्स वसूलें। शर्मा ने बताया कि जिले को इस माह 4 करोड़ 20 लाख रुपए का टारगेट दिया गया है। उसमें से अब तक 2 करोड़ 48 लाख रुपए ही मिल सके हैं।
महीना समाप्ति की ओर है। टारगेट काफी बड़ा है। इस वर्ष मार्च तक दिए गए 50 करोड़ 32 लाख के टारगेट में से दिसंबर तक 28 करोड़ 77 लाख रुपए ही वसूले गए हैं। ऐसे में दो माह में इतनी आय प्राप्त करना चुनौती है। इसके लिए विशेष योजना की जरूरत होगी।