पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आठ बजे बाद ठेके के पड़ोस में शराब बेचने का भंडाफोड़

आठ बजे बाद ठेके के पड़ोस में शराब बेचने का भंडाफोड़

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - नागौर
आखिर किसी ने तो सुध ली। लंबे समय से बीकानेर रोड स्थित शराब के एक ठेके के बगल की दुकान में रात आठ बजे बाद शराब बेचने का भंडाफोड़ हो गया।
एसपी लक्ष्मण गौड़ के निर्देशानुसार एएसपी, डीएसपी ऑफिस व कोतवाली पुलिस ने रात सवा दस बजे एक साथ इस दुकान पर दबिश दी। यहां पुलिस ने बीयर व अंग्रेजी शराब के कार्टन जब्त किए।
कोतवाली थानाधिकारी नगाराम चौधरी ने बताया कि बीकानेर रोड स्थित शराब के अधिकृत ठेके के पास की दुकान में रात आठ बजे बाद अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थी। नागौर के नए एसपी लक्ष्मण गौड़ तक भी इसकी शिकायत पहुंची तो उन्होंने इसे गंभीरता से ले लिया। उनके निर्देश पर पहले इसकी तस्दीक की गई और शुक्रवार की रात करीब सवा दस बजे एएसपी प्यारे लाल शिवरान की योजना के तहत पुलिस की एक टीम ने इस दुकान पर दबिश दी। दुकान में मौजूद युवक से पूछताछ की तो उसने दुकान के अंदर एक कमरे में कुछ कार्टन होना बताया। इस पर पुलिस की टीम ने कमरा खोलकर बीयर व शराब के कार्टन बरामद किए। एक युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। देर रात तक पुलिस कार्रवाई कर रही थी। कार्टन की संख्या दो से चार तक बताई गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसपी ऑफिस से कांस्टेबल गरीबाराम, कोतवाली से एएसआई अब्दुल रसीद दयासंधू, रामकुमार, सुनील सहित कांस्टेबल शामिल थे।
पुलिस की टीम ने जिस दुकान से शराब जब्त की है, उससे सटा हुआ शराब का अधिकृत ठेका है। आठ बजे बाद ठेका बंद हो जाता है। ऐसे में रात्रि में आने वाले लोगों को इस दुकान से अवैध रूप से शराब दी जाती है। कोतवाली थाने से मात्र एक ही किलोमीटर दूरी पर रात के आठ बजे बाद अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से चल रही थी। ऐसा नहीं है कि किसी को इसकी खबर नहीं थी। यहां से प्राय: अधिकारी व जिम्मेदार लोग रात को निकलते थे। यहां गश्त भी होती रही है, लेकिन किसी ने इस गोरखधंधे पर एक्शन नहीं लिया। आबकारी विभाग ने भी इस तरफ कभी दबिश नहीं दी। जानकारों का कहना है कि इस दुकान में नाम मात्र की शराब मिली है, जबकि यहां रात आठ बजे से लेकर ग्यारह बजे के बाद तक शराब आसानी से मिल जाया करती थी। यह दुकान सूने में भी नहीं है। यहां आठ बजे के बाद से लगातार भीड़ रहती थी। इस कॉलोनी के लोग भी परेशान थे। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि यहां तो थोड़ी ही शराब रखी जाती थी, जरूरत होने पर किसी अन्य स्थान पर रखा माल यहां मंगवा लिया जाता था। बीकानेर रोड पर दबिश देते ही आसपास के क्षेत्र की अन्य दुकानें व होटलें भी बंद हो गई। इस दुकान पर रहने वाले एक युवक के अलावा अन्य युवक व शराब लेने आए कुछ लोग भी पुलिस को देख वहां से चलते बने।