किसानों का धरना 23वें दिन जारी
नागौर. कलेक्ट्रेट के बाहर बिजली, पानी, खनन पट्टे सहित मांगों को लेकर शुक्रवार को किसानों का धरना 23वें दिन जारी रहा। खींवसर क्रय विक्रय सहकारी संघ के अध्यक्ष नारायण बेनीवाल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों की परवाह नहीं कर रही है। यह सरकार की संवेदनहीनता ही है। अब किसानों को प्रण लेना होगा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराएंगे। देश की तकदीर आम मतदाता अपने वोट रूपी ताकत से बनाता है। बेनीवाल ने चेतावनी दी की शनिवार से आंदोलन उग्र किया जाएगा। किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भूरा राम ईनाणिया ने बताया कि शनिवार को धरना स्थल पर तेजाजी महाराज का जागरण किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर झंडारोहण किया जाएगा। किसान नेता बाबूलाल ने सरकार की किसान विरोधी नीतियों की निंदा की। पूर्व प्रधान रूपा राम भोबिया ने बताया कि भजन करने के लिए कलाकारों को बुलाया गया है। शिवसेना महामंत्री मनराज सिंह ने कहा कि सरकार हठधर्मिता छोड़कर किसानों के साथ न्याय करे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर उपस्थित थे।