- Hindi News
- ग्रामीण जीवन से जुड़ी जानकारियां एकत्र की
ग्रामीण जीवन से जुड़ी जानकारियां एकत्र की
भास्कर न्यूज - कुचामन सिटी
कुचामन महाविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर के तहत शुक्रवार को स्वयं सेवक व सेविकाओं ने गांव भांवता में ग्रामीण जीवन से जुड़ी जानकारियां एकत्र की। स्वयं सेवक व सेविकाओं ने जनसंख्या, लिंगानुपात, आयु वर्ग, शिक्षा व पशुधन आदि से जुड़ी जानकारियां एकत्र की। इकाई प्रभारी रणवीर चौधरी व कार्यक्रम अधिकारी देवश्री बडज़ात्या के सहयोग से ग्रामीणों की जागरूकता के लिए जनजागरण अभियान चलाया। साथ ही स्वस्थ शिशु व मात्र शिक्षा के लिए जागृति कार्यक्रम शुरू किया।
लाडनूं. जैन विश्वभारती संस्थान एवं आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में संस्थान के कुलसचिव डॉ अनिलधर ने सात दिवसीय शिविर में किए कार्यों की सराहना करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना को समाज सेवा का महत्वपूर्ण उपक्रम बताया। आचार्य कालू कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ समणी मल्लीप्रज्ञा ने कहा कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में समाजसेवा के संस्कारों को विकसित किया जा सकता है। कार्यक्रम में वैज्ञानिक ओमप्रकाश पांडेय ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अध्यात्म के बारे में बताया। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रगति भटनागर ने सात दिवसीय शिविर की रिर्पोट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन स्वयं सेविका ममता जांगिड़ ने एवं आभार सबीना निवारिया ने व्यक्त किया। इससे पूर्व ग्राम बालसमन्द में स्वास्थ्य चेतना रैली का आयोजन किया गया। सरपंच भंवरलाल नेहरा ने रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया। गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रतियोगिताओं को आयोजन किया गया।