- Hindi News
- स्कूल व कॉलेज स्टूडेंट के लिए अब बनेगी हेल्पलाइन
स्कूल व कॉलेज स्टूडेंट के लिए अब बनेगी हेल्पलाइन
भास्कर न्यूज.नागौर
स्कूलों व कॉलेजों में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं को किसी तरह की प्रोब्लम आने पर अब उन्हें अपनी बात रखने के लिए एक जरिया मिला है। विद्यार्थी अब पुलिस से एसएमएस के माध्यम से संवाद कर सकेंगे।
इसके लिए नागौर पुलिस जल्द ही हेल्पलाइन शुरू कर रही है। एएसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि विद्यार्थी अपनी समस्या कई बार खुलकर किसी को बता नहीं पाते। इस वजह से वे अक्सर अवसाद के शिकार हो जाते हंै। अब पुलिस ऐसे बच्चों को राहत देने के लिए कुछ जरूरी कदम उठा रही है। ऐसे बच्चे पुलिस को एसएमएस से अपनी बात कह पाएंगे। इसके बाद पुलिस भी तत्काल एक्शन लेगी और उन्हें परेशानी से निजात दिलवाएगी। इस हेल्पलाइन पर कोई भी विद्यार्थी मैसेज के माध्यम से अपनी शिकायत व समस्या भेज सकेगा। हेल्पलाइन पर मिलने वाली समस्याओं व शिकायतों का रजिस्टर में इंद्राज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी लक्ष्मण गौड़ ने इससे पहले कोटा में करीब सवा लाख विद्यार्थियों के लिए हेल्पलाइन शुरू करवाई थी। कोटा में स्थिति यह थी कि पढ़ाई में खराब प्रदर्शन, प्रेम प्रसंग जैसे मामलों में अक्सर छात्र आत्महत्या जैसा कदम उठा लेते थे। छात्राओं के फोन पर प्राइवेट नंबरों से कॉल, उन्हें परेशान करना जैसे समस्याओं को कम करने के लिए हेल्पलाइन शुरू की गई थी। इसके अच्छे परिणाम आए थे। इसलिए नागौर में भी इस दिशा में काम शुरू किया जा रहा है।