समाज को सही दशा बदलने की जरूरत
डेगाना. शारदा बाल निकेतन माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को भारत माता पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि तहसीलदार शिव किशन सोनी ने कहा कि समाज को सही दिशा व दशा में बदलने की जरूरत है। मुख्य वक्ता के रूप में चित्तौड़ प्रांत प्रवासी राधेश्याम शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में लोग अपने बच्चों को हाईफाई स्कूलों में दाखिला दिला रहे है। इससे बालक परीक्षाओं में अच्छे नंबर लाने में सफल हो जाते है, मगर उनमें संस्कारों का अभाव रह जाता है। इस कारण वे जीवन में सफल नहीं हो पाते है। उन्होंने बच्चों से बदलते परिवेश में अपने आप को पाश्चात्य संस्कृति से बचाकर रखने व सही दिशा में आगे बढऩे की बात कहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता दंत चिकित्सक डॉ. हनुमानराम जाजूंदा ने की। इससे पूर्व भारत माता पूजन कार्यक्रम में छात्रों ने मिट्टी से भारत माता की जीवंत झांकी उकेरी तथा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर विद्यालय विकास समिति के मांगीलाल तोषनीवाल, छोटू लाल टाक, रामपाल रेणीवाल, कैप्टन छोटू सिंह, बिरदीचंद तोषनीवाल, बेणी गोपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
नावां सिटी. शहर के आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय में शनिवार को भारत माता पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रामप्रसाद साबू ने कहा कि भारत का गौरवमय इतिहास रहा है। हमें हमारी संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। समारोह को चौथमल यादव, सीताराम प्रजापत, ओमप्रकाश शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत, परेड, सलामी, व्यायाम प्रदर्शन व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।