जुआ खेलते नौ लोगों को पकड़ा
भास्कर न्यूज. नागौर
पुलिस की तरफ से जुआरियों सटोरियों के खिलाफ अभियान का असर अब दिखने लगा है। अब तक अभियान के नाम पर महज छोटे छोटे जुआरी सटोरियों को पकड़ा जा रहा था। मगर अब नामी सटोरिए भी पुलिस के हत्थे चढऩे लगे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने गिनाणी तालाब के पास नौ लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया।
कोतवाली के उप निरीक्षक वेदपाल शिवरान ने बताया कि एसपी लक्ष्मण गौड़ को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि गिनाणी तालाब के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। एसपी के निर्देश पर उपनिरीक्षक वेदपाल शिवरान, कोतवाल नगाराम चौधरी, सदर एसएचओ गीता बिश्नोई, सिपाही कैलाश, रामनिवास, रामदेव, चेला राम, श्याम सुंदर ने दबिश देते हुए 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 6 हजार 305 रुपए बरामदगी किए गए। इनमें बासनी निवासी मोहम्मद रजा, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद जुबेर व शहर के सरफुद्दीन उर्फ चंगा, शौकत अली, शिव दयाल, फकीर मोहम्मद, बसीर मोहम्मद व जब्बार को गिरफ्तार किया गया। एसपी के निर्देश पर कई दिन से जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि शहर में इन दिनों कई जगह पर जुआ सट्टा चल रहा है। अवैध शराब का कारोबार भी पनप रहा है। शुक्रवार देर रात एसपी के निर्देश पर शराब के ठेके के पास स्थित दुकान से पुलिस ने तीन कार्टन में 85 बीयर व शराब की कुछ बोतलें जब्त की थी। एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया। यहां काफी समय से यह गोरखधंधा चल रहा था लेकिन कोतवाली पुलिस ने कभी भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस दुकान पर बिकने के लिए शराब कहां से लाई जा रही थी।